एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर सिंगर और अभिनेता प्रशांत तमांग ने 43 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके अचानक चले जाने से म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने प्रशांत तमांग के निधन की पुष्टि की है। वहीं दार्जिलिंग के जाने-माने सिंगर महेश सेवा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
दिल्ली में पड़ा कार्डियक अरेस्ट
सिंगर महेश सेवा के मुताबिक, प्रशांत तमांग को दिल का दौरा पड़ा था। उस समय वे दिल्ली में रह रहे थे। महेश सेवा ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि मेरे प्यारे भाई प्रशांत तमांग के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। इस खबर के बाद उनके फैंस और चाहने वालों में गहरा दुख देखा जा रहा है।
पुलिस की नौकरी से इंडियन आइडल तक का सफर
प्रशांत तमांग का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल रहा है। वह ‘इंडियन आइडल सीजन-3’ के विजेता थे। सिंगिंग की दुनिया में पहचान बनाने से पहले वह कोलकाता पुलिस में तैनात थे। पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा रहते हुए वे कई सरकारी कार्यक्रमों में गाना गाते थे। उनके सीनियर अधिकारियों ने ही उन्हें इंडियन आइडल में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया था।

पहला एल्बम और नेपाली सिनेमा में पहचान
इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने सोनी बीएमजी म्यूजिक कंपनी के साथ अपना पहला एल्बम रिलीज किया था। इस एल्बम में हिंदी और नेपाली दोनों भाषाओं के गाने शामिल थे। इसके बाद उन्होंने नेपाली फिल्मों में बतौर गायक और अभिनेता काम किया और वहां भी अपनी अलग पहचान बनाई।
‘पाताल लोक 2’ में निभाया दमदार रोल
प्रशांत तमांग सिर्फ म्यूजिक तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा। वह जयदीप अहलावत स्टारर वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में नजर आए थे। इस सीरीज में उन्होंने विलेन डेनियल लेचो का किरदार निभाया था। उनके इस रोल को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई। प्रशांत तमांग के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरा सदमा पहुंचा है। उनकी आवाज और उनका काम हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहेगा।