Site icon Dainik Savera Times

 शाहरुख ने ‘जवान’ की रिलीज पर कहा, दर्शकों के लायक कुछ बनाने में वक्त लगता है

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘‘जवान’’ की रिलीज होने की तारीख सात सितंबर तक बढ़ाए जाने के बाद शनिवार को कहा कि दर्शकों के लायक कुछ बनाने में ‘‘वक्त और धैर्य’’ चाहिए होता है।तमिल फिल्मकार एटली द्वारा निर्देशित और गौरी खान द्वारा निíमत ‘जवान’ इस वर्ष ‘‘पठान’’ के बाद शाहरुख की दूसरी फिल्म होगी।अभिनेता ने ट्विटर पर ‘‘आस्कएसआरके’’ सत्र में कहा कि उन्हें इस बात से राहत मिली है कि इस फिल्म पर लगातार काम कर रही टीम अब आसानी से इसे पूरा कर सकती है।
उन्होंने फिल्म की रिलीज में विलंब को लेकर एक प्रशंसक द्वारा पूछे सवाल पर कहा, ‘‘दर्शकों के लायक कुछ बनाने में वक्त और धैर्य चाहिए होता है। जवान सात सितंबर 2023 को रिलीज होगी।’’‘‘जवान’’ में विजय सेतुपति और नयनतारा भी हैं और इसे पहले दो जून को रिलीज होना था।‘एसआरके’ के नाम से मशहूर शाहरुख ने कहा, ‘‘हर कोई बिना किसी विराम के काम कर रहा है..इसलिए थोड़ी राहत मिली है कि सभी अब ज्यादा आसानी से काम कर सकते हैं।’’ उन्होंने इसे अपने लिए एक नयी तरह की शैली वाली फिल्म बताया।
‘जवान’ में काम करने के अनुभव को याद करते हुए शाहरुख ने कहा कि यह काफी ‘‘मजेदार’’ था। उन्होंने कहा, ‘‘एटली, विजय और नयन तथा सभी के साथ शूटिंग काफी व्यस्त और मजेदार रही।’’ फिल्म में अपने लुक पर बच्चों आर्यन, सुहाना तथा अबराम की प्रतिक्रिया के बारे में एक प्रशंसक द्वारा पूछे सवाल पर शाहरुख ने कहा, ‘‘अबराम को लगता है कि मैं एक ममी की तरह दिखता हूं।’’ इससे पहले शाहरुख की फिल्म ‘‘पठान’’ ने दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमायी की। अब यह 12 मई को बांग्लादेश में रिलीज होगी।
Exit mobile version