Site icon Dainik Savera Times

जैकी श्रॉफ ने संगीत और सिनेमा के तीन दिग्गजों को किया याद, फैंस भावुक

Jackie Shroff

Jackie Shroff

बॉलीवुड में जैकी श्रॉफ की पहचान हमेशा से कुछ अलग रही है। जहां ज्यादातर सितारे अपनी फिल्मों या निजी जिंदगी तक ही सीमित रहते हैं, वहीं जैकी श्रॉफ अक्सर भारतीय संगीत, सिनेमा की विरासत और पुराने दिग्गज कलाकारों को याद करते नजर आते हैं। बुधवार को भी उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए शास्त्रीय संगीत, सिनेमा की यादों और महान कलाकारों के प्रति सम्मान जताया।

जैकी श्रॉफ ने सबसे पहले हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान गायक पंडित भीमसेन जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पंडित भीमसेन जोशी की भावपूर्ण तस्वीरें साझा कीं, जिनके साथ उनका प्रसिद्ध भजन ‘माझें माहेर पंढरी’ सुनाई दे रहा था।

इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के जन्मदिन के मौके पर एक खास वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उर्मिला की अलग-अलग तस्वीरें शामिल थीं, जिनमें उनकी मुस्कान और मासूम अंदाज साफ झलक रहा था। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म ‘रंगीला’ का मशहूर गीत ‘तनहा तनहा यहां पे जीना’ बज रहा था, जो उर्मिला के करियर की यादगार फिल्मों में से एक है।

इतना ही नहीं, जैकी श्रॉफ ने दिग्गज डांसर और अभिनेता भगवान दादा की 24वीं पुण्यतिथि पर भी उन्हें याद किया। उन्होंने अपनी स्टोरी में भगवान दादा की एक छोटी क्लिप साझा की, जिसमें उनका सुपरहिट गीत ‘शोला जो भड़के’ सुनाई दे रहा था।

इन सभी पोस्ट के जरिए जैकी श्रॉफ ने भारतीय कला, संगीत और सिनेमा की समृद्ध विरासत को सम्मान दिया।

गौरतलब है कि हाल ही में जैकी श्रॉफ ने अपना 69वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उनकी बेटी कृष्णा श्रॉफ से लेकर निर्देशक सुभाष घई और अभिनेता सुनील शेट्टी समेत कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कृष्णा श्रॉफ ने अपने पिता की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे मेरे रक्षक। पापा, मैं आपसे पूरे दिल से प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।”

वहीं, सुनील शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जैकी श्रॉफ के साथ अपनी एक खास तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरे हीरो को जन्मदिन की शुभकामनाएं… मेरे दादा, आपका दिल आपकी लेजेंडरी पर्सनैलिटी से भी बड़ा है और आपकी गर्मजोशी आपके स्वैग से भी ज्यादा खास है। आपके प्यार और पागलपन के लिए शुक्रगुजार हूं। लव यू दादा।”

निर्देशक सुभाष घई ने भी जैकी श्रॉफ को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे मेरे प्यारे जैकी…” इसके साथ ही उन्होंने एक खास कविता भी लिखी, जिसकी पंक्तियां थीं, “गौरव वो नहीं जिसका बाप बड़ा होता है, गौरव वो है जो खुद के पांव पर खड़ा होता है…” अंत में उन्होंने लिखा, “प्यार और आशीर्वाद के साथ।”

Exit mobile version