Dainik Savera Times

41 साल की उम्र में दूसरी शादी करेंगी जेनिफर विंगेट? इस बिजनेसमैन को बनाएगी अपना हमसफर

jennifer-winget-to-marry-for-the-second-time-at-the-age-of-41

Jennifer Winget: टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 41 वर्षीय अभिनेत्री जल्द ही दूसरी शादी कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि वह सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ रिश्ते में हैं और दोनों शादी की तैयारियों पर विचार कर रहे हैं।

शादी की चर्चाओं ने तब जोर पकड़ा जब फैंस ने सोशल मीडिया पर जेनिफर की कुछ गतिविधियों को नोटिस किया। अभिनेत्री ने शादी से जुड़े एक डांस रील पर कमेंट किया और कई वेडिंग अकाउंट्स को फॉलो करना शुरू किया, जिसके बाद उनके विवाह को लेकर अटकलें तेज हो गईं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, जेनिफर और विलियम पिछले काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और उनका रिश्ता काफी गंभीर माना जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि छुट्टियों के दौरान विलियम ने जेनिफर को प्रपोज भी किया था। हालांकि, इस संबंध में दोनों में से किसी ने भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। खबरों के मुताबिक, शादी की तैयारियां शुरुआती चरण में हैं। जेनिफर कथित तौर पर शादी के लिए वेंडर्स की सूची तैयार कर रही हैं और समारोह की योजना बनाने में जुटी हुई हैं। साथ ही वे शादी के आयोजन के लिए एक विस्तृत मूड बोर्ड भी तैयार कर रही हैं।

 

सूत्रों का कहना है कि शादी सितंबर-अक्टूबर या फिर दिसंबर-जनवरी के दौरान हो सकती है। यह विवाह ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित किए जाने की संभावना है और फिलहाल वेन्यू की तलाश जारी है। अभिनेत्री के कुछ करीबी दोस्तों को भी इस बारे में जानकारी होने की बात कही जा रही है। इससे पहले जेनिफर विंगेट का नाम अभिनेता करण वाही के साथ भी जोड़ा गया था। दोनों के रिश्ते और शादी की खबरें सामने आई थीं, लेकिन करण वाही ने बाद में इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया था।

गौरतलब है कि जेनिफर विंगेट की पहली शादी अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुई थी। दोनों की मुलाकात टीवी शो दिल मिल गए के दौरान हुई थी। साल 2012 में दोनों ने शादी की थी, लेकिन दो साल बाद उनका तलाक हो गया। फिलहाल जेनिफर विंगेट और विलियम इश्माएल की शादी को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन जब तक दोनों की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की जाती, तब तक इन खबरों को केवल अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।

Exit mobile version