मुंबई: बॉलीवुड की चुलबुली अभिनेत्री जूही चावला की मुस्कान आज भी फैंस का दिल जीत लेती है। जूही ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन हमेशा हिम्मत और मेहनत से आगे बढ़ीं। उनका जन्म 13 नवंबर 1967 को हरियाणा के अंबाला में हुआ। बचपन से ही उन्हें मॉडलिंग और एक्टिंग में रुचि थी। 17 साल की उम्र में उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीतकर देशभर का ध्यान आकर्षित किया।
जूही ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1986 में फिल्म ‘सल्तनत’ से की, जो फ्लॉप रही। इसके बाद उन्होंने कुछ समय के लिए दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया और अनुभव हासिल किया। असली ब्रेक उन्हें ‘कयामत से कयामत तक’ से मिला, जिसमें उनके साथ आमिर खान थे। इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्में दी, जिनमें ‘प्रतिबंध’, ‘बोल राधा बोल’, ‘आईना’, ‘इश्क’, ‘हम हैं राही प्यार के’ और ‘डर’ शामिल हैं। जूही ने कॉमिक रोल्स में भी अपनी प्रतिभा दिखाई, जैसे ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’, ‘दीवाना मस्ताना’ और ‘यस बॉस’।
यह भी पड़े – ट्विंकल खन्ना की बुक ‘मिसेज फनीबोन्स’ का सीक्वल आया
जूही की निजी जिंदगी भी बेहद दिलचस्प है। उनकी मुलाकात पति जय मेहता से 1992 में फिल्म ‘कारोबार’ की शूटिंग के दौरान हुई। शुरुआत में दोस्ती रही, बाद में प्यार में बदल गई और 1995 में दोनों शादी के बंधन में बंधे। उनके दो बच्चे हैं – बेटी जान्हवी और बेटा अर्जुन।
जूही को फिल्मों में कई पुरस्कार मिल चुके हैं, जिसमें दो बार फिल्मफेयर अवॉर्ड भी शामिल है। समय के साथ उन्होंने फिल्मों से थोड़ी दूरी बनाई, लेकिन समाज सेवा में सक्रिय रहीं।

