Site icon Dainik Savera Times

Justin Bieber ने Anant-Radhika के संगीत में जमकर मचाई धूम, समारोह की कई तस्वीरें और वीडियो की शेयर

मुंबई : मशहूर अंतरराष्ट्रीय पॉप गायक जस्टिन बीबर ने जाने-माने उद्योगपति एवं अरबपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और उनकी मंगेतर राधिका मर्चेंट के संगीत समारोह की कई अनदेखी तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। जस्टिन बीबर शुक्रवार सुबह लॉस एंजिलिस से मुंबई पहुंचे। उन्होंने रात में जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अनंत-राधिका के संगीत समारोह में अपने प्रसिद्ध गानों ‘बेबी’, ‘सॉरी’, ‘लव योर सेल्फ’ और ‘पीचेस’ से धूम मचा दी। बीबर (30) अपनी खास प्रस्तुति देने के बाद मियामी रवाना हो गए थे।

उन्होंने शनिवार रात इंस्टाग्राम पर अपनी प्रस्तुति की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए। बीबर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संगीत समारोह के दौरान दी शानदार प्रस्तुति और उनके साथ गाना गाते हुए लोगों की झलकियां साझा कीं। इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों में बीबर अनंत और राधिका के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में वह अंबानी परिवार के अन्य सदस्यों अनंत अंबानी, श्लोका अंबानी, ईशा अंबानी और आनंद पीरामल के साथ मौज-मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं।

अभिनेता जावेद जाफरी की बेटी अलाविया जाफरी ने भी संगीत समारोह का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह बीबर को प्रस्तुति के दौरान गले लगाती नजर आ रही हैं। जस्टिन बीबर को दो बार ग्रैमी पुरुस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। मशहूर अंतरराष्ट्रीय पॉप गायक को अनंत और राधिका के संगीत समारोह में प्रस्तुति देने के लिए एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया।

Exit mobile version