Site icon Dainik Savera Times

Kalli Kheti Review: हॉरर फिल्में देखने के शौकीन हैं, तो ‘काली खेती’ आपके लिए एक अच्छा सरप्राइज हो सकती है

Kalli Kheti Movie Review

Kalli Kheti Movie Review

एंटरटेनमेंट डेस्क: अगर आप हॉरर फिल्में देखने के शौकीन हैं, तो ‘काली खेती’ आपके लिए एक अच्छा सरप्राइज हो सकती है। फिल्म का कॉन्सेप्ट थोड़ा हटकर है और यही इसे खास बनाता है। यहां न तो कहानी किसी पुरानी हवेली तक सीमित है और न ही डर पैदा करने के लिए सिर्फ जंप स्केयर्स का सहारा लिया गया है।

गांव की पृष्ठभूमि में बुनी गई यह कहानी धीरे-धीरे अपने रहस्य से दर्शकों को जोड़ती है। सबसे अच्छी बात यह है कि फिल्म आपको शुरू से ही यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर गांव में चल क्या रहा है।

कहानी में है कुछ अलग

फिल्म की कहानी रोहित (शरद केलकर), उसकी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के इर्द-गिर्द घूमती है। रोहित अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। वहां पहुंचने के बाद किशन को कुछ ऐसी बातें महसूस होने लगती हैं, जो सामान्य नहीं हैं। रोहित बार-बार नई खेती और खेती के बदलते तरीकों की बात करता है। उसकी इन बातों के पीछे क्या वजह है और गांव में आखिर क्या हो रहा है, फिल्म इसी रहस्य को आगे बढ़ाती है।

कहानी का यह हिस्सा काफी दिलचस्प है। फिल्म धीरे-धीरे अपनी परतें खोलती है और दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखती है। हालांकि, कुछ जगहों पर कहानी की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर होती है, लेकिन इसका अनोखा कॉन्सेप्ट आपको जोड़े रखता है। मेरी सलाह यही होगी कि फिल्म देखने से पहले इसके बारे में ज्यादा जानकारी न लें।

जैकी श्रॉफ ने फिर किया प्रभावित

परफॉर्मेंस की बात करें तो जैकी श्रॉफ इस फिल्म में सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं। उनके किरदार में कई तरह के भाव देखने को मिलते हैं। वह कभी कमजोर और संवेदनशील नजर आते हैं, तो कभी अपने अंदाज से स्क्रीन पर छा जाते हैं। जैकी को इस तरह के अलग किरदार में देखना अच्छा लगता है।

शरद केलकर ने भी अपने किरदार को काफी अच्छे तरीके से निभाया है। उनका शांत और संयमित अभिनय कहानी के मिजाज के साथ जाता है। नेहा सरगम ने राधा के किरदार में अच्छा काम किया है। शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना भी अपनी भूमिकाओं में ठीक लगते हैं। वहीं, स्पंदन ने भी अपने किरदार को सहजता से निभाया है।

हारिस इम्तियाज खान का डेब्यू काबिल-ए-तारीफ

फिल्म के निर्देशक हारिस इम्तियाज खान की जितनी तारीफ की जाए, कम है। महज 25 साल की उम्र में उन्होंने अपनी पहली फिल्म बनाई है और निर्देशन के साथ स्क्रीनप्ले और संवादों की जिम्मेदारी भी संभाली है। सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने एक ऐसा विषय चुना है, जो आमतौर पर बॉलीवुड की हॉरर फिल्मों में देखने को नहीं मिलता।

हारिस का फिल्म को पेश करने का तरीका काफी दिलचस्प है। कहानी में उनका विजन दिखाई देता है और यह महसूस नहीं होता कि वह पहली बार निर्देशन कर रहे हैं। इस फिल्म के बाद उन पर नजर रखना दिलचस्प होगा।

म्यूजिक और विजुअल्स भी हैं मजबूत

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी काफी अच्छी है। गांव के दृश्य और कैमरे का इस्तेमाल कहानी के माहौल को और रहस्यमयी बनाते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन फिल्म के डरावने हिस्सों को प्रभावी बनाते हैं। वीएफएक्स का काम भी फिल्म के बजट को देखते हुए अच्छा है। इन सभी पहलुओं में तकनीकी टीम ने मेहनत की है।

हालांकि, फिल्म की एडिटिंग थोड़ी और बेहतर हो सकती थी। कुछ सीन लंबे लगते हैं और अगर उन्हें छोटा किया जाता, तो फिल्म और ज्यादा क्रिस्प बन सकती थी।

देखें या नहीं?

मेरे हिसाब से ‘काली खेती’ की सबसे बड़ी खासियत इसका नया कॉन्सेप्ट और इसे पेश करने का तरीका है। जैकी श्रॉफ की शानदार एक्टिंग, शरद केलकर का अच्छा प्रदर्शन और हारिस इम्तियाज खान का डेब्यू फिल्म को देखने लायक बनाते हैं। कुछ छोटी कमियां जरूर हैं, लेकिन फिल्म कुल मिलाकर प्रभावित करती है।

अगर आप हॉरर के नाम पर कुछ नया देखना चाहते हैं और पारंपरिक बॉलीवुड हॉरर से थोड़ा अलग अनुभव लेना चाहते हैं, तो ‘काली खेती’ को सिनेमाघरों में जरूर देख सकते हैं।

फिल्म: काली खेती
निर्देशक: हारिस इम्तियाज खान
कलाकार: जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और स्पंदन
अवधि: 1 घंटा 49 मिनट
कहां देखें: सिनेमाघरों में
रेटिंग: 4.5/5

Exit mobile version