एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और अभिनेत्री-बीजेपी सांसद कंगना रनौत के बीच सालों पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर ‘We Need To Apologize To Hrithik Roshan’ ट्रेंड चलने के बाद ऋतिक रोशन ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अब उनके बयान पर कंगना रनौत ने तीखा जवाब दिया है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने ऋतिक को निशाने पर लेते हुए कहा कि आपको इस तरह किसी महिला को तंग करना शोभा नहीं देता है।
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि ऋतिक रोशन को सबा आजाद के रूप में एक अच्छा जीवनसाथी मिला है और दोनों साथ में अच्छे लगते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि अब जब ऋतिक एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं, तो उन्हें किसी महिला को इस तरह तंग करना या उकसाना शोभा नहीं देता। कंगना ने कहा कि ऋतिक को उन लोगों को रोकना चाहिए जो उनके नाम पर मुझे सोशल मीडिया पर ट्रोल और बुलिंग का शिकार बना रहे हैं। कंगना ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि आग में घी डालने के बजाय ऋतिक को मामले को शांत करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋतिक आगे से इस तरह की गैर-जरूरी टिप्पणियां नहीं करेंगे और समझदारी से काम लेंगे।

हाल ही में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फ्रेडी बर्डी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि “दुनिया को ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए।” इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक रोशन ने लिखा कि सिर्फ इसलिए किसी एक व्यक्ति का समर्थन करना क्योंकि अब दूसरा पसंद नहीं है, समाज की बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि वह उस समय का इंतजार करेंगे जब पूरे मामले पर सही संदर्भ और तथ्यों के आधार पर बात होगी। उनके मुताबिक, तभी सच्चाई सामने आएगी, लेकिन आजकल तथ्यों की परवाह बहुत कम लोग करते हैं। ऋतिक के इसी कमेंट के बाद कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जवाब दिया।
यह ट्रेंड उस समय शुरू हुआ जब कंगना रनौत और सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी हुई। इस दौरान सौरव दास ने मजाक में कहा कि उनके दोस्त उन्हें “यंग ऋतिक रोशन” कहते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने साल 2016 में हुए कंगना और ऋतिक के विवाद को फिर से उठाया। कई लोगों ने पोस्ट शेयर कर दावा किया कि उस समय ऋतिक रोशन का पक्ष सही था। इसी के बाद ‘We Need To Apologize To Hrithik Roshan’ हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगा।
कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद साल 2016 में शुरू हुआ था। दोनों ने एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और यह मामला लंबे समय तक मीडिया और सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना रहा। अब सोशल मीडिया पर पुराने विवाद के फिर से वायरल होने के बाद दोनों सितारों के बयान एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...