Site icon Dainik Savera Times

Kapil Sharma के पोस्ट ने खींचा लोगों का ध्यान, पत्नी गिन्नी पर लुटाया प्यार, कहा- ‘मेरी जिंदगी का सफर मुश्किल…’

एंटरटेनमेंट डेस्क : कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा इन दिनों अपने परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी ट्रिप की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वह अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ और दोनों बच्चों के साथ नजर आ रहे हैं।

कपिल का एक पोस्ट इन दिनों चर्चा में है। इसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपनी पत्नी गिन्नी का शुक्रिया कहा है। पहले उन्होंने लिखा कि गिन्नी ने उनकी जिंदगी का सफर मुश्किल बना दिया है। फिर तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहा कि उन्होंने उनकी जिंदगी को और भी खूबसूरत बना दिया है।

पत्नी गिन्नी के साथ शेयर की तस्वीरें

बता दें कि कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में वह पत्नी गिन्नी के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। दोनों ने काले रंग के कपड़े पहने हैं और सनग्लासेस लगाए हुए हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में कपिल और गिन्नी अपने दोनों बच्चों अनायरा और त्रिशान के साथ दिखाई दे रहे हैं। सभी एक पुरानी इमारत के बाहर खड़े होकर फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं।

गिन्नी के लिए कपिल ने लिखा प्यारा मैसेज

इन तस्वीरों के साथ कपिल ने अपनी पत्नी के लिए एक खास मैसेज भी लिखा। उन्होंने कहा, “साथ अच्छा हो तो सफर और भी खूबसूरत हो जाता है। मेरी जिंदगी के सफर को और मुश्किल बनाने के लिए शुक्रिया… सॉरी, और भी खूबसूरत बनाने के लिए शुक्रिया, माय लव गिन्नी।” कपिल के इस मजेदार पोस्ट को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। फैंस दोनों की जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं।

कॉलेज में हुई थी कपिल और गिन्नी की मुलाकात

कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ की पहली मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। उस समय दोनों थिएटर से जुड़े हुए थे। साल 2017 में कपिल ने पहली बार सोशल मीडिया पर गिन्नी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया था। उस समय उन्होंने गिन्नी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि गिन्नी उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं और वह उन्हें पूरा करती हैं।

2018 में हुई थी कपिल और गिन्नी की शादी

कपिल शर्मा और गिन्नी ने 12 दिसंबर 2018 को पंजाब के जालंधर में शादी की थी। दोनों की शादी पंजाबी रीति-रिवाजों से हुई थी। इस शादी में परिवार के लोग और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद मुंबई में भी एक रिसेप्शन रखा गया था।

दो बच्चों के माता-पिता हैं कपिल और गिन्नी

शादी के करीब एक साल बाद दिसंबर 2019 में कपिल और गिन्नी के घर बेटी अनायरा का जन्म हुआ। इसके बाद साल 2021 में उनके घर बेटे त्रिशान का जन्म हुआ। कपिल अक्सर सोशल मीडिया पर अपने परिवार के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।

Exit mobile version