Site icon Dainik Savera Times

जनरल डायर की परपोती के बयान पर भड़के करण जौहर, बोले- उसकी हिम्मत कैसे हुई, ‘उसे माफी मांगनी चाहिए’

General Dyer great-granddaughter: फिल्म निर्माता करण जौहर की फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस मीट में करण जौहर फिल्म की टीम के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनरल डायर की परपोती कैरोलिन डायर की जलियांवाला बाग हत्याकांड के पीड़ितों पर की गई असंवेदनशील टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी।

करण ने कैरोलिन पर पलटवार करते हुए कहा, न केवल एक भारतीय के रूप में एक मानवतावादी के रूप में बल्कि मैं केवल एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर इस बयान को देख रहा हूं, जिसके भीतर थोड़ी भी सहानुभूति और मानवता है, उस व्यक्ति को यह बयान जरूर गुस्सा दिलाएगा। मैं गोलमोल बातें नहीं करना चाहता और स्पष्ट रूप से कहता हूं कि वह ऐसा कैसे बोल सकती है? मैं बस यही कहूंगा कि वह कितनी हास्यास्पद थी और उसकी हिम्मत कैसे हुई? वह उन हजारों लोगों को लुटेरा कह रही थी? वे निर्दोष लोग थे, जो बैसाखी मनाने के लिए वहां जुटे थे।

गुस्से में नजर आए करण ने कहा, जब आपका काम केवल नफरत करना है तो फिर आपके दिल में क्या प्यार हो सकता है? वह अपनी ही दुनिया में जी रही है, उसका अपना कोई भ्रम है, जिसे लेकर उसने ऐसा कहा। मैं उसे न जानता हूं, न उससे मिला हूं और मैं उससे मिलना भी नहीं चाहता। यह जानकर कि उसने ऐसी बातें कही है, मानवता के नाते अजीब लगता है और गुस्सा आता है। मैंने जब वह वीडियो देखा तो लगा कि उसके मन में दुनिया के इतिहास में सबसे बड़े नरसंहारों में से एक के लिए इतनी घृणा है।

करण जौहर ने कहा कि कैरोलि‍न को इस घृणास्पद बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

उल्लेखनीय है, हाल ही में कैरोलीन ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के पीड़ितों पर टिप्पणी की थी और उन्हें ‘लुटेरा’ बताया था। सामने आए वीडियो में कैरोलीन कहती नजर आई थीं, “ इतिहास तो इतिहास है और हमें इसे स्वीकार करना होगा। जनरल डायर एक बहुत ही सम्मानित व्यक्ति थे और भारतीयों द्वारा बहुत पसंद किए जाते थे, वह तीन या चार भारतीय भाषाएं बोलते थे।

जलियांवाला बाग हत्याकांड पर बनी फिल्म केसरी चैप्टर 2 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version