Site icon Dainik Savera Times

Katrina Kaif Birthday: 41 वर्ष की हुईं Katrina Kaif, 14 वर्ष की उम्र में की थी अपने करियर की शुरूआत

मुंबई : बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री कैटरीना कैफ आज 41 वर्ष की हो गयी। 16 जुलाई 1983 को हांगकांग में जन्मी कैटरीना कैफ मूल नाम कैटरीना टॉरकेटी ने 14 वर्ष की उम्र में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरूआत की। वह मॉडलिंग करने के उद्देश्य से मुंबई आयी थी लेकिन इस दौरान उनकी मुलाकात कैजाद गुस्ताद से हुई।

‘बूम’ से की थी करियर की शुरुआत :

कैजाद गुस्ताद उन दिनों बूम बना रहे थे। उन्होंने कैटरीना को बूम में काम करने का प्रस्ताव दिया जिसे कैटरीना ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म बूम आपराधिक पृष्ठभूमि पर आधारित थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और जैकी श्राफ ने मुख्य भूमिका निभायी थी। कमजोर पटकथा के कारण बूम बॉक्स ऑफिस पर कोई धूम नहीं मचा सकी। वर्ष 2005 में कैटरीना कैफ को एकबार फिर से अमिताभ के साथ सरकार में काम करने का अवसर मिला लेकिन फिल्म की सफलता के बावजूद उन्हें कोई खास फायदा नहीं मिला। वर्ष 2005 में प्रदर्शित फिल्म मैने प्यार क्यों किया कैटरीना कैफ के सिने करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुई।

बताया जाता है कि यह फिल्म कैटरीना को सलमान खान की वजह से मिली थी। इस फिल्म की सफलता के बाद कैटरीना को फिल्म इंडस्ट्री में अच्छी फिल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गये। कैटरीना कैफ के सिने करियर में उनकी जोड़ी खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार के साथ काफी पसंद की जाती है। अक्षय और कैटरीना की जोड़ी सर्वप्रथम वर्ष 2006 में प्रदर्शित फिल्म ‘हमको दीवाना कर गये’ में एक साथ नजर आयी। फिल्म हालांकि टिकट खिड़की पर कामयाब नहीं हुई लेकिन दोनों की जोड़ी को पसंद किया गया। हमको दीवाना कर गये के बाद अक्षय और कैटरीना की जोड़ी वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म ‘नमस्ते लंदन’ में नजर आयी। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई।

इसके बाद इस जोड़ी ने वेलकम, सिंह इज किंग, दे दना दन और तीसमार खान जैसी कई फिल्मों में एक साथ काम किया। कैटरीना की जोड़ी सलमान के साथ मैंने प्यार क्यूं किया, पार्टनर एक था टाइगर,टाइगर जिंदा है भारत और टाइगर 3 जैसी फिल्मों में पसंद की गयी। कैटरीना कैफ को फिल्म इंडस्ट्री में आये हुए दो दशक हो चुके है और इस दौरान उन्होंने शाहरुख, सलमान, ऋतिक रोशन और अक्षय कुमार जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। वर्ष 2021 में कैटरीना कैफ ने विक्की कौशल के साथ शादी कर ली। कैटरीना कैफ के करियर की अन्य उल्लेखनीय फिल्मों में अपने, रेस, न्यूयार्क, ब्लू, अजब प्रेम की गजब कहानी, राजनीति, जिंदगी ना मिलेगी दुबारा, मेरे बद्रर की दुल्हन, जब तक है जान, धूम-3, बैंगबैंग, फैंटम, फितूर ,सूर्यवंशी,और मेरी क्रिसमस प्रमुख है।

बॉलीवुड के लिए बदला नाम

अभिनेत्री ने अपनी पहली फिल्म ‘बूम’ में ही अपना नाम बदल लिया था। इस फिल्म की प्रोड्यूसर आयशा श्रॉफ ने कैटरीना टॉरकेटी से बदलकर उनका नाम कैटरीना कैफ कर दिया। इसकी वजह थी कि ये नाम भारत में बोलने में आसान है।

Exit mobile version