Alka Yagnik News: बॉलीवुड की दिग्गज गायिका अलका याग्निक पिछले करीब दो साल से फिल्मी दुनिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों से काफी दूर हैं। हाल ही में जब उन्हें पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया, तब लोगों की नजर उनकी सेहत पर गई। समारोह में अलका पहले की तुलना में काफी कमजोर नजर आईं। उन्हें व्हीलचेयर पर देखकर उनके प्रशंसक भावुक हो गए और उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताने लगे।
दरअसल, साल 2024 में अलका याग्निक ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें “सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस” (SNHL) नाम की एक दुर्लभ बीमारी हो गई है, जिसके कारण उनकी सुनने की क्षमता काफी प्रभावित हुई है।
अलका ने बताया था कि एक वायरल संक्रमण के बाद अचानक उन्हें महसूस हुआ कि वे ठीक से सुन नहीं पा रही हैं। उन्होंने उस घटना को याद करते हुए कहा था कि जब वह एक फ्लाइट से बाहर निकल रही थीं, तभी उन्हें अचानक सुनाई देना बंद जैसा महसूस हुआ। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस है।
क्या है सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस?
यह एक ऐसी बीमारी है जिसमें कान के अंदरूनी हिस्से या सुनने वाली नसों को नुकसान पहुंच जाता है। इसके कारण आवाजें दिमाग तक सही तरीके से नहीं पहुंच पातीं और व्यक्ति की सुनने की क्षमता कम हो जाती है। यह समस्या बढ़ती उम्र, संक्रमण, चोट या किसी वायरल बीमारी के कारण हो सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, इस बीमारी का समय पर पता लगना और इलाज शुरू होना बेहद जरूरी होता है। अगर इलाज में देरी हो जाए तो सुनने की क्षमता को पूरी तरह वापस पाना मुश्किल हो सकता है।
अलका याग्निक की इस बीमारी का असर उनके करियर पर भी पड़ा है। हालांकि संगीतकार और फिल्म निर्माता लगातार उन्हें नए प्रोजेक्ट्स के लिए संपर्क करते रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह अभी तक पूरी तरह रिकॉर्डिंग की दुनिया में वापसी नहीं कर पाई हैं। उनका आखिरी रिकॉर्ड किया गया गीत फिल्म “अमर सिंह चमकीला” का “नरम कालजा” था, जिसे मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया था। इसके बाद से अलका याग्निक की आवाज किसी नए रिलीज हुए गाने में सुनने को नहीं मिली है। फिलहाल उनके प्रशंसक उनकी जल्द स्वस्थ होने और संगीत की दुनिया में फिर से वापसी की कामना कर रहे हैं।

