Kohrra 2 Release Date: क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘कोहरा’ को पहले सीज़न में दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। इसी सफलता के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे सीज़न की घोषणा की थी। अब फैंस का इंतज़ार खत्म हो गया है, क्योंकि ‘कोहरा सीज़न 2’ की रिलीज डेट को आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दिया गया है।
कब और कहां रिलीज होगी ‘कोहरा 2’?
मेकर्स ने हाल ही में सीरीज़ का नया पोस्टर जारी करते हुए बताया कि ‘कोहरा सीज़न 2’ 11 फरवरी 2026 से स्ट्रीम होगी। यह सीरीज़ नेटफ्लिक्स पर एक्सक्लूसिव तौर पर उपलब्ध रहेगी। पोस्टर के साथ टैगलाइन भी शेयर की गई है, जिसमें कहा गया है कि धुंध के बीच छिपे सच की तलाश इस बार एक नए शहर में की जाएगी।
क्या होगी ‘कोहरा सीज़न 2’ की कहानी?
दूसरे सीज़न में एक बार फिर बरुण सोबती असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर अमरपाल जसजीत गरुंडी के किरदार में नजर आएंगे। इस बार कहानी जगराना से आगे बढ़ते हुए दलेरपुरा पुलिस स्टेशन तक पहुंचेगी, जहां अमरपाल की नई पोस्टिंग होगी। उनके तबादले को सब-इंस्पेक्टर बलबीर सिंह (सुविंदर विक्की) की मंजूरी मिल चुकी है।
हालांकि इस बार अमरपाल अकेले नहीं होंगे। सीज़न 2 में उनके साथ उनकी नई कमांडिंग ऑफिसर धनवंत कौर होंगी, जिनका किरदार मोना सिंह निभा रही हैं। दोनों मिलकर जटिल और रहस्यमयी मामलों को सुलझाएंगे, साथ ही अपने अतीत के जख्मों से भी जूझते नजर आएंगे।
Video: किश्तवाड़ आतंकी हमले के बाद चंबा में सुरक्षा पर SP सकलानी का बयान
क्या है खास?
गुंजित चोपड़ा, डिग्गी सिसोदिया और सुदीप शर्मा द्वारा निर्मित यह इनवेस्टिगेटिव ड्रामा पंजाब की अंधेरी गलियों और वहां छिपे रहस्यों को एक बार फिर दर्शकों के सामने लाने का वादा करता है। सस्पेंस, इमोशंस और थ्रिल से भरपूर ‘कोहरा 2’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है।

