Maha Devi Adishakti: मिलिंद नंदनवार के निर्देशन और जाने-माने लेखक एवं उपन्यासकार अक्षत गुप्ता की लेखनी से सजी एनिमेटेड फीचर फिल्म ‘महा देवी आदिशक्ति’ की पहली झलक नवरात्रि के शुभारंभ के पावन अवसर पर जारी की गई। अर्था एंटरटेनमेंट एंड एनिमेशन के गौरव मल्होत्रा द्वारा निर्मित यह फिल्म फरवरी 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
श्रेयस पुराणिक के संगीत से सजी ‘महा देवी आदिशक्ति’ भारतीय इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित एक सिनेमाई अनुभव पेश करने का प्रयास है। फिल्म में कहानी, संगीत और एनीमेशन के माध्यम से भारत की कालजयी धार्मिक कथाओं और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
फिल्म में देवी के विभिन्न स्वरूपों और उनकी दिव्य शक्ति को दर्शाया गया है। महिषासुर का वध करने वाली मां महिषासुरमर्दिनी से लेकर अधर्म और बुरी शक्तियों के विनाश की प्रतीक मां काली तक, फिल्म में आदिशक्ति की विभिन्न गाथाओं को जीवंत किया जाएगा। एनीमेशन के माध्यम से इन कालजयी कथाओं को आज की पीढ़ी के सामने नए अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
ये भी पढ़ें- यमन में आर-पार की जंग: हमलों में 1,150 हूती लड़ाकों को निष्क्रिय करने का दावा
ऐसे समय में जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंटेंट निर्माण की दुनिया को तेजी से बदल रहा है, फिल्म के निर्माताओं ने पारंपरिक, हाथों से किए जाने वाले एनीमेशन को अपनाने का निर्णय लिया है। फिल्म के निर्माण में 150 से अधिक एनिमेटरों ने योगदान दिया है। यह पहल एनीमेशन को एक मानवीय कला के रूप में प्रस्तुत करने और कलाकारों के कौशल, मेहनत तथा रचनात्मकता को महत्व देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
फिल्म के निर्देशन को लेकर मिलिंद नंदनवार ने कहा, “भारत सदियों से आध्यात्मिकता, भक्ति और कालजयी ज्ञान की भूमि रहा है। सनातन धर्म की कथाओं ने हमारी सभ्यता को आकार दिया है और ऐसे संदेश दिए हैं, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्रासंगिक बने हुए हैं। ये कथाएं हमें याद दिलाती हैं कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः धर्म और सत्य की ही विजय होती है। हम स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि मां ने अपनी कथा को अपनी संतानों तक पहुंचाने के लिए हमें माध्यम चुना। यह हमारे लिए एक विशेषाधिकार के साथ-साथ गहरी जिम्मेदारी भी है, जिसे हम पूर्ण श्रद्धा और समर्पण के साथ निभा रहे हैं।”
ये भी पढ़ें- गणेश आचार्य की फिल्म ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर रिलीज, 11 दिसंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
फिल्म के निर्माता गौरव मल्होत्रा ने कहा, “हम ऐसे दौर में बड़े हुए हैं, जब धार्मिक टेलीविजन धारावाहिकों और किताबों ने हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रति हमारी समझ को आकार दिया। आज बच्चों के कंटेंट देखने का तरीका बदल रहा है। ऐसे में हमें लगा कि इन कालजयी कथाओं को ऐसे प्रारूप में प्रस्तुत करने की जरूरत है, जिससे नई पीढ़ी आसानी से जुड़ सके और उनका आनंद ले सके। ‘महा देवी आदिशक्ति’ भारतीय आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी के करीब लाने का हमारा प्रयास है, जिसमें इसकी मूल भावना और पवित्रता को बरकरार रखा गया है। एक पारिवारिक फिल्म के रूप में परिकल्पित यह फिल्म दादा-दादी, माता-पिता और बच्चों को संस्कृति, मूल्यों और भक्ति के साझा अनुभव से जोड़ने का लक्ष्य रखती है।”
भारतीय संस्कृति की पीढ़ियों से चली आ रही कथाओं और हस्तनिर्मित एनीमेशन पर केंद्रित ‘महा देवी आदिशक्ति’ का उद्देश्य भारत की कालजयी परंपराओं और आधुनिक सिनेमाई अभिव्यक्ति के बीच एक सेतु बनाना है। यह फिल्म न केवल उन कथाओं का उत्सव मनाती है, जिन्होंने देश की सांस्कृतिक चेतना को आकार दिया है, बल्कि उन कलाकारों और शिल्पकारों के समर्पण को भी सामने लाती है, जिनकी मेहनत इन कहानियों को पर्दे पर जीवंत बनाती है।
‘महा देवी आदिशक्ति – द लीजेंड ऑफ मां दुर्गा’ फरवरी 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

