Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती के साथ-साथ मतभेद भी लगातार देखने को मिल रहे हैं। अब माही विज और आम्रपाली दुबे के बीच पहले से चल रहा तनाव एक बार फिर सामने आया है। इस बार दोनों के बीच विवाद की शुरुआत किचन में चिकन बनाने को लेकर हुई और कुछ ही देर में बहस काफी तीखी हो गई।
दरअसल, आम्रपाली दुबे किचन में खाना तैयार कर रही थीं। इसी दौरान माही विज वहां पहुंचीं और खाना बनाने के तरीके को लेकर सवाल करने लगीं। आम्रपाली को माही का इस तरह बीच में दखल देना पसंद नहीं आया। उन्होंने कहा कि जब किचन की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है तो उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार खाना बनाने दिया जाना चाहिए।
आम्रपाली की नाराजगी इस बात को लेकर भी थी कि माही खुद खाना नहीं बनातीं, लेकिन उनकी कुकिंग को लेकर लगातार सवाल करती रहती हैं। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और बहस तीखे शब्दों तक पहुंच गई। देखते ही देखते घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों एक-दूसरे पर कमेंट करती नजर आईं।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/2026-most-significant-year-of-ranveer-singh/
बहस के बाद माही काफी नाराज दिखाई दीं। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों के सामने अपना पक्ष रखा और भावुक होकर रोने भी लगीं। माही ने कहा कि उन्हें खाना बनाना नहीं आता क्योंकि उनके घर पर कुक है। उन्होंने यह भी कहा कि कुक रखने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। इसके बाद उन्होंने अपने खिलाफ कही जा रही बातों पर भी गुस्सा जाहिर किया।
विवाद के दौरान माही ने आम्रपाली की भोजपुरी पहचान को लेकर भी टिप्पणी कर दी, जिससे मामला और गरमा गया। माही ने कहा, ”थूकते होंगे भोजपुरी के लोग इस पर।” वहीं, माही ने आम्रपाली के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए यह भी कहा कि वह उन्हें कुछ ही मिनटों में जवाब दे सकती हैं।
दूसरी ओर, आम्रपाली भी पीछे नहीं हटीं और उन्होंने माही को किचन से दूर रहने के लिए कहा। इस पर माही ने जवाब दिया कि आम्रपाली उनके लिए कोई मायने नहीं रखतीं। इसके बाद आम्रपाली ने भी माही की कुकिंग पर पलटवार करते हुए कहा कि जब माही खाना बनाती हैं तो 16 लोगों के लिए भी खाना पर्याप्त नहीं पड़ता। इस घटना के बाद दोनों के बीच तनाव एक बार फिर साफ नजर आया।

