
टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी के ससुर और उनकी पत्नी नेहा स्वामी के पिता राकेश चंद्र स्वामी का 73 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें अचानक स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इस खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को राकेश चंद्र स्वामी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस वक्त अर्जुन बिजलानी अपने परिवार के साथ दुबई में नए साल की छुट्टियां मना रहे थे। जैसे ही उन्हें ससुर की हालत के बारे में पता चला, वह तुरंत अपनी छुट्टियां छोड़कर भारत लौट आए।
अंतिम संस्कार में भावुक दिखे अर्जुन बिजलानी
गुरुवार को ओशिवारा श्मशान घाट में राकेश चंद्र स्वामी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान अर्जुन बिजलानी बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने अपने ससुर को कंधा दिया और पूरे रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया। परिवार के सभी सदस्य इस मौके पर मौजूद थे।
बेटे अयान को संभालते दिखे अर्जुन, वीडियो हुआ वायरल
इंस्टाग्राम पर सामने आए एक भावुक वीडियो में अर्जुन बिजलानी अपने बेटे अयान को गले लगाकर संभालते हुए नजर आए। वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन खुद टूटे हुए हैं, लेकिन फिर भी बेटे को हिम्मत दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है।
परिवार ने बताया अचानक आया बड़ा झटका
परिवार के एक सदस्य ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए हिन्दुस्तान टाइम्स सिटी को बताया, “वह बिल्कुल ठीक थे और डिनर करने वाले थे, तभी अचानक उन्हें स्ट्रोक आ गया। तुरंत उन्हें बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। पूरा परिवार सदमे में है। नेहा और अर्जुन बाहर जाने से पहले परिवार से मिलकर ही गए थे। यह सब बहुत अचानक हुआ।”
नेहा स्वामी और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राकेश चंद्र स्वामी के परिवार में उनकी बेटी नेहा स्वामी और बेटा निशांक स्वामी हैं। पिता के अचानक निधन से नेहा पूरी तरह टूट गई हैं। अर्जुन बिजलानी भी अपने ससुर के बेहद करीब थे, क्योंकि उनके अपने पिता का निधन काफी पहले हो चुका था।
सोशल मीडिया पर सामने आईं भावुक तस्वीरें
अंतिम विदाई के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें परिवार का दर्द साफ नजर आता है। फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग अर्जुन और नेहा के परिवार के लिए संवेदना जता रहे हैं।