Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

पति जयंत के निधन के बाद मौसमी चटर्जी ने लोगों से किया प्राइवेसी का अनुरोध

November 15, 2026

पति जयंत के निधन के बाद मौसमी चटर्जी ने लोगों से किया प्राइवेसी का अनुरोध

मुंबई, : वरिष्ठ अभिनेत्री मौसमी चटर्जी ने अपने पति जयंत चटर्जी के निधन के बाद प्राइवेसी (निजता) की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे उन्हें और उनकी बेटी को इस कठिन समय से उबरने के लिए थोड़ा समय और स्पेस दें।

सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा करते हुए, मौसमी ने अपने पति के निधन की पुष्टि की और प्रार्थनाओं तथा समर्थन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा, “मेरे पति जयंत – जिन्हें उनके करीबी लोग प्यार से ‘बाबू’ कहकर बुलाते थे – अब हमारे बीच नहीं रहे। मेरी और मेरी बेटी की आपसे विनती है कि इस मुश्किल दौर में हमें थोड़ा समय और स्पेस दें। आपकी प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए हम तहेदिल से आभारी हैं।”

जयंत मुखर्जी ने 12 नवंबर को अंतिम सांस ली। मुंबई स्थित अपने आवास पर उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उनका निधन हो गया। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान जयंत के निधन की पुष्टि करते हुए बताया था कि जयंत कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।

उनके निधन के बाद, उनकी बेटी मेघा ने एक बयान जारी कर बताया कि उनकी याद में 15 नवंबर को एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।

बयान में कहा गया, “बहुत दुख के साथ हम आपको सूचित कर रहे हैं कि मेरे पिता, श्री जयंत हेमंत मुखर्जी का 12 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनकी याद में एक प्रार्थना सभा 15 नवंबर 2026, रविवार को ‘श्री खटवारी दरबार’, 366 श्री खटवारी दरबार मार्ग, लिंकिंग रोड, खार वेस्ट, मुंबई 400052 में आयोजित की जाएगी। समय: शाम 5:30 से 7:30 बजे तक।”

अपने करीबियों के बीच ‘बाबू’ के नाम से मशहूर जयंत, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। उन्होंने फिल्म और टेलीविजन निर्माता के रूप में मनोरंजन जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे ‘मजाक’ (1975) और ‘दो लड़के दोनों कड़के’ (1979) जैसी फिल्मों से जुड़े रहे। इसके अलावा, उन्होंने टेलीविजन धारावाहिक ‘तलाश’ (1992) में भी काम किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें