Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिग बी-रजनीकांत की फिल्म ‘थलाइवर 170’ का मुंबई शेड्यूल हुआ पूरा, तस्वीरें वायरल

October 30, 2023

बिग बी-रजनीकांत की फिल्म ‘थलाइवर 170’ का मुंबई शेड्यूल हुआ पूरा, तस्वीरें वायरल

मुंबई: लंबे समय बाद अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और मेगास्टार रजनीकांत(Rajinikanth) आगामी फिल्म ‘थलाइवर 170’ (Thalaivar 170) में एक साथ दिखाई देंगे। दोनों दिग्गजों ने फिल्म का मुंबई शेड्यूल पूरा कर लिया है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस लाइका प्रोडक्शंस ने अपने एक्स हैंडल पर फिल्म की मुंबई शूटिंग पूरी होने की घोषणा की। फिल्म के पर्दे के पीछे की तस्वीर से थलाइवर और बिग बी की एक साथ तस्वीर साझा करते हुए स्टूडियो ने लिखा, ‘‘33 साल बाद सुपरस्टार और शहंशाह ‘थलाइवर 170’ के सेट पर मिले। ‘थलाइवर’ 170 का मुंबई शेड्यूल पूरा हो गया।’

इस महीने की शुरुआत में रजनीकांत ने अमिताभ बच्चन के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की थी। कंधे से कंधा मिलाकर और मुस्कुराते हुए रजनीकांत ने एक बार फिर बॉलीवुड के ‘एंग्री यंग मैन’ के साथ काम करने पर बहुत खुशी जताई थी।उन्होंने पोस्ट को कैप्शन देते हुए लिखा, ‘33 वर्षों के बाद मैं अपने मेंटर श्री अमिताभ बच्चन के साथ टी.जे. ज्ञानवेल द्वारा निर्देशित आगामी लाइका की ‘थलाइवर 170’ में फिर से काम कर रहा हूं। मेरा दिल खुशी से धड़क रहा है।’

इसके अलावा, बिग बी ने बाद में इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट से एक तस्वीर पोस्ट की थी। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, ‘‘इस पल को बड़ा करने की कोशिश कर रहा हूं। थलाइवर, रजनीकांत के साथ 33 साल बाद काम का पहला दिन।’आगामी फिल्म से पहले, बिग बी और थलाइवर ने पिछली बार मुकुल आनंद द्वारा निर्देशित हिंदी फिल्म ‘हम’ में एक साथ काम किया था, जो 1991 में रिलीज हुई थी। ‘हम’ ने 1990 के दशक में जबरदस्त धूम मचाई थी और जबरदस्त सफलता हासिल की थी।

फिल्म में रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, गोविंदा, अनुपम खेर, किमी काटकर, दीपा साही, शिल्पा शिरोडकर, डैनी डेन्जोंगप्ज़्पा और कादर खान ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई। थलाइवर की 1995 में क्लासिक ‘बाशा’ भी आई।’हम’ अपने गाने ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ के लिए भी खूब याद किया जाता है। ‘बाशा’ को अपने दो क्लासिक ट्रैक ‘नान आटोकारन’ और ‘स्टाइल स्टाइल थान’ के लिए भी जाना जाता है।

नए मिस्ट्री प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद से पूरे भारत में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि मुंबई से चेन्नई तक दर्शक दो दिग्गजों को बड़े पर्दे पर एक साथ देखने के लिए बेचैन हैं।इन दो दिग्गजों के अलावा, फिल्म में फहद फासिल, राणा दग्गुबाती, मंजू वारियर, रितिका सिंह और दुशारा विजयन भी होंगे। अनिरुद्ध रविचंदर के संगीत के साथ यह फिल्म 2024 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें