Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मशहूर संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन, फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर

July 13, 2026

मशहूर संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन, फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर

मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 78 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 12 जुलाई को अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार और करीबी लोग उन्हें प्यार से ‘अम्मा’ कहकर बुलाते थे।

सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि, “भारी मन से हम अपनी प्यारी अम्मा सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन सादगी, प्रेम और दूसरों की सेवा में बिताया। जो भी उन्हें जानता था, उसके लिए वह हमेशा अपनापन और ममता का प्रतीक थीं।” सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान परिवार और करीबी दोस्तों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हालांकि सुनीला शर्मा फिल्म इंडस्ट्री से सीधे तौर पर जुड़ी नहीं थीं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा का हर कदम पर साथ दिया। वह सिर्फ उनकी जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत भी थीं। पिछले कई वर्षों से जब भी प्यारेलाल किसी संगीत समारोह, सम्मान समारोह या टीवी शो में शामिल होते थे, सुनीला शर्मा अक्सर उनके साथ नजर आती थीं।

सुनीला शर्मा कई मशहूर सिंगिंग रियलिटी शोज में भी प्यारेलाल शर्मा के साथ दिखाई दी थीं। उन्होंने ‘इंडियन आइडल 13’, ‘सा रे गा मा पा’ और ‘सुपरस्टार सिंगर’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। खास तौर पर ‘इंडियन आइडल 13’ के लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड में एक प्रतियोगी और उसकी मां ने उन्हें अपने हाथों से बनाई हुई एक सुंदर साड़ी भेंट की थी। इस प्यार भरे सम्मान को पाकर सुनीला शर्मा काफी भावुक हो गई थीं।

बता दें कि प्यारेलाल शर्मा हिंदी फिल्म संगीत के सबसे बड़े संगीतकारों में गिने जाते हैं। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की मशहूर जोड़ी ने बॉलीवुड को सैकड़ों यादगार और सुपरहिट गाने दिए हैं। इस लंबे और सफल सफर में सुनीला शर्मा हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ संगीत जगत ने भी एक स्नेही और सम्मानित शख्सियत को खो दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें