एंटरटेनमेंट डेस्क : इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ‘आवारापन 2’ की रिलीज़ में अब सिर्फ 16 दिन बचे हैं। फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस खास मौके पर विशेष फिल्म्स हर दिन फिल्म से जुड़ा कोई नया अपडेट शेयर कर रहा है।
इस बार मेकर्स ने इमरान हाशमी के शिवम पंडित वाले लुक का नया मोशन पोस्टर रिलीज़ किया है। इसके साथ ही फिल्म के मशहूर गाने ‘तेरा मेरा रिश्ता’ की छोटी-सी झलक भी सुनाई गई है। गाने की पहली झलक को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और इसका संगीत व बोल लोगों के दिल को छू रहे हैं।
‘तेरा मेरा रिश्ता’ सिर्फ एक गीत नहीं है। जिसने भी ‘आवारापन’ से प्यार किया है, उसके लिए ये चार शब्द हमेशा से एक खास एहसास रहे हैं। और जिस शख्स ने पहली बार इन शब्दों को लिखा था सईद कादरी उनका इस नए अध्याय को लिखने के लिए लौटना अपने आप में बहुत कुछ कहता है। ‘आवारापन 2’ कोई रीमेक नहीं है, बल्कि उसी कहानी का आगे बढ़ता हुआ सफर है। और यह गीत भी ठीक वैसा ही एहसास देता है।
इस बार सईद कादरी के साथ संगीतकार मिथुन जुड़े हैं, जिन्होंने अपनी खास भावनात्मक शैली से इस रचना को संगीतमय बनाया है। वहीं इस गीत को अपनी आवाज़ दी है सुबोध शर्मा ने। यह ‘आवारापन 2’ में उनका तीसरा गीत है और वह इस फिल्म में बिना किसी शोर-शराबे के, लेकिन पूरी मजबूती के साथ शिवम पंडित की आवाज़ बनकर उभर रहे हैं।
निर्माता विशेष भट्ट हमेशा कहते आए हैं कि ‘आवारापन’ का संगीत, शिवम के किरदार जितना ही महत्वपूर्ण है। ‘तेरा मेरा रिश्ता’ एक बार फिर इस बात को साबित करता है। मेकर्स फिलहाल दर्शकों को सिर्फ उतनी ही झलक दे रहे हैं, जो उनकी भावनाओं को जगा सके, जबकि बाकी अनुभव बड़े पर्दे के लिए संभालकर रखा गया है।
‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नज़र आएंगे। उनके साथ फिल्म में दिशा पाटनी, शबाना आज़मी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स प्रस्तुत करते हैं ‘आवारापन 2’, जो एक विशेष भट्ट प्रोडक्शन है। फिल्म का निर्माण विशेष भट्ट ने किया है, निर्देशन नितिन कक्कड़ का है और इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
लिंक:

