मुंबई: जब सिनेमा इतिहास की बात होती है, तो “आशिकी” जैसी क्लासिक रोमांटिक फिल्म का जिक्र होना तय है। और अब, उसी भावना को फिर से जीवंत करने आ रही है मोहित सूरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म सैयारा, जिसे लेकर दिग्गज फिल्म निर्माता महेश भट्ट बेहद भावुक और उत्साहित नजर आ रहे हैं। उनका मानना है कि सैयारा इस पीढ़ी के लिए वैसी ही रोमांटिक पहचान बन सकती है, जैसी “आशिकी” ने अपनी रिलीज के समय बनाई थी।
महेश भट्ट ने कहा, “हर युग की एक प्रेम कहानी होती है जो उस समय के दिलों को छू जाती है। ‘आशिकी’ ने 90 के दशक में वही किया, और अब ‘सैयारा’ वैसी ही गहराई और ताजगी लेकर आ रही है। मुझे खुशी है कि दर्शक इसमें ‘आशिकी’ की छाप महसूस कर पा रहे हैं।”
जहां आशिकी ने राहुल रॉय और अनु अग्रवाल को रातोंरात स्टार बना दिया था, वहीं सैयारा में अहान पांडे और अनीत पड्डा को बड़े पर्दे पर लॉन्च किया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का संगीत भी उतना ही प्रभावशाली साबित हो रहा है। फहीम-अर्सलान का टाइटल ट्रैक सैयारा, जुबिन नौटियाल का बर्बाद, विशाल मिश्रा का तुम हो तो, सचेत-परंपरा का हमसफ़र और अरिजीत सिंह-मिथुन का धुन पहले ही म्यूज़िक चार्ट्स पर छा चुके हैं।
भट्ट ने निर्देशक मोहित सूरी की सराहना करते हुए कहा, “मोहित मेरा शिष्य रहा है, लेकिन ‘सैयारा’ के साथ उसने साबित किया है कि वह अपनी सोच और कला के दम पर खुद की एक अलग पहचान बना चुका है। वह अपनी सीमाओं से बाहर निकला है और एक परिपक्व, गहराई भरी प्रेम कहानी पेश कर रहा है।”
YRF और मोहित सूरी की यह पहली साझेदारी है, और इसने पहले से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा पैदा कर दी है। YRF के सीईओ अक्षय विधानी द्वारा निर्मित यह फिल्म 18 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज़ होगी।
महेश भट्ट कहते हैं, “नई पीढ़ी को अपनी खुद की प्रेम गाथा चाहिए, और ‘सैयारा’ वह कहानी बन सकती है। इसकी ऊर्जा, इसकी मासूमियत और इसकी सच्चाई आज के युवाओं को छूएगी। मेरे लिए यह देखकर गर्व की बात है कि सिनेमा की विरासत एक खूबसूरत रूप में आगे बढ़ रही है।”
जहां महेश भट्ट का आशीर्वाद और मोहित सूरी की निर्देशन क्षमता एक साथ आ रही हैं, वहीं YRF की प्रोडक्शन क्वालिटी इस फिल्म को एक नई ऊंचाई पर ले जा रही है। दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं क्या सैयारा आज के दौर की नई आशिकी साबित होगी? इसका जवाब 18 जुलाई को सिनेमाघरों में मिलेगा।

