Dainik Savera Times

दृष्टिबाधित लोग भी अब सुन सकेंगे रामानंद सागर की ‘रामायण’, ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ उपलब्ध हुए सभी 78 एपिसोड

नई दिल्ली: रामानंद सागर की मशहूर टीवी सीरीज ‘रामायण’ अब उन लोगों के लिए भी आसानी से उपलब्ध होगी, जो देख नहीं सकते या जिन्हें देखने में परेशानी होती है। अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से सीरीज के सभी 78 एपिसोड को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नोबाफ्लिक्स पर ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ उपलब्ध कराया गया है। इस सुविधा के जरिए दृष्टिबाधित दर्शक भी सीरीज की कहानी, किरदारों के हाव-भाव और पर्दे पर होने वाली घटनाओं को सुनकर समझ सकेंगे। मंगलवार को इस पहल की जानकारी दी गई।

यह पहल नो बैरियर फाउंडेशन की ओर से की गई है। इसका मकसद दृष्टिबाधित लोगों के लिए मनोरंजन और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी सामग्री को ज्यादा से ज्यादा सुलभ बनाना है। खास बात यह है कि ‘रामायण’ के सभी 78 एपिसोड नोबाफ्लिक्स पर उन वेरिफाइड यूजर्स के लिए बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध होंगे, जिन्हें देखने में परेशानी होती है।

इस प्रोजेक्ट की शुरुआत मार्च 2025 में हुई थी, जब एक्सएल सिनेमा ने टीवी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ में हिस्सा लेकर फिल्मों और मनोरंजन की दुनिया को दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए सुलभ बनाने से जुड़े अपने काम के बारे में बताया था। इस प्रजेंटेशन ने अदाणी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अदाणी का ध्यान खींचा। उनके सहयोग से ‘रामायण’ के सभी एपिसोड को ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ तैयार करने और प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के प्रोजेक्ट को आर्थिक मदद मिली।

now-even-visually-impaired-people-can-listen-ramanand-sagars-ramayana

इस पहल पर जीत अदाणी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ”’रामायण’ जैसी कहानियां हमारी सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं और इनका आनंद हर किसी को मिलना चाहिए। ऑडियो डिस्क्रिप्शन की मदद से दृष्टिबाधित लोग भी कहानी और उससे जुड़ी छोटी-छोटी चीजों को अपनी सुविधा के अनुसार समझ सकते हैं। अदाणी फाउंडेशन इस कोशिश का हिस्सा बनकर खुश है और इनके सहयोग से पूरी सीरीज नोबाफ्लिक्स पर उपलब्ध हो पाई है।” नेशनल अवॉर्ड विजेता दीप्ति प्रसाद ने नो बैरियर फाउंडेशन की स्थापना की है। वह एक्सएल सिनेमा की सह-संस्थापक भी हैं। उनका संगठन दृष्टिबाधित लोगों के लिए मनोरंजन की दुनिया को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में काम करता है।

नोबाफ्लिक्स के जरिए संगठन अब तक 550 से ज्यादा ऐसी फिल्में और दूसरे कंटेंट उपलब्ध करा चुका है, जिन्हें ऑडियो डिस्क्रिप्शन की सुविधा के साथ तैयार किया गया है। प्लेटफॉर्म पर 20 हजार से ज्यादा वेरिफाइड यूजर्स जुड़े हैं। इसके अलावा संगठन ने 50 से ज्यादा गैर-सरकारी संगठनों, संस्थानों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ भी साझेदारी की है।

दीप्ति प्रसाद के कहा कि ऑडियो डिस्क्रिप्शन के जरिए दर्शकों को उन चीजों के बारे में भी बताया जाता है, जिन्हें वे अपनी आंखों से नहीं देख सकते। इसमें किरदारों के चेहरे के हाव-भाव, उनके इशारे, उनकी गतिविधियां और कहानी के अहम हिस्से शामिल होते हैं। इससे दर्शकों को हर छोटी-बड़ी बात समझने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ के सभी 78 एपिसोड को इस सुविधा के साथ उपलब्ध कराना एक अहम कदम है। इससे दृष्टिबाधित दर्शक इस लोकप्रिय सीरीज को अपनी सुविधा से अकेले देख-सुन सकेंगे और अपने परिवार के साथ बैठकर भी इसका आनंद ले पाएंगे।

Exit mobile version