Site icon Dainik Savera Times

Nushrratt Bharuccha Health Update: नुसरत भरूचा की हेल्थ पर बड़ा अपडेट, बाली हादसे के बाद रीढ़ में हुआ फ्रैक्चर

Nushrratt Bharuccha Health Update

Nushrratt Bharuccha Health Update

Nushrratt Bharuccha Health Update: बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि एक्ट्रेस इन दिनों इंडोनेशिया के बाली में थीं, जहां एक हादसे के दौरान उन्हें गंभीर चोट लग गई। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी प्रभावित हुई है और फिलहाल उनका इलाज बाली के एक अस्पताल में चल रहा है।

अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं नुसरत

नुसरत की टीम ने बताया कि फिलहाल वह अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी चोट को देखते हुए रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी। टीम के मुताबिक, अभी नुसरत की सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्हें इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से बाली से मुंबई लाया जाएगा। मुंबई पहुंचने के बाद उनकी सर्जरी और आगे का इलाज किया जाएगा।

कुछ समय के लिए काम से रहना पड़ सकता है दूर

चोट और सर्जरी के बाद नुसरत को ठीक होने के लिए काफी आराम करना होगा। इसलिए आने वाले कुछ हफ्तों तक उनका काम और शूटिंग प्रभावित हो सकती है। उनके काम रुकने से नुकसान होने की भी बातें कही जा रही हैं, लेकिन नुसरत की टीम ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

टीम ने फैंस से की प्राइवेसी की अपील

नुसरत के प्रवक्ता ने लोगों और फैंस से अभिनेत्री की निजता का सम्मान करने की अपील की है। टीम का कहना है कि इस वक्त नुसरत का पूरा ध्यान इलाज और रिकवरी पर है। उनकी सेहत को लेकर आगे की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। इस खबर के सामने आने के बाद नुसरत के प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

फिल्मों से बनाई अलग पहचान

नुसरत भरूचा ने बॉलीवुड में अपनी पहचान रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों के जरिए मजबूत की। प्यार का पंचनामा और प्यार का पंचनामा 2 के बाद उन्हें सोनू के टीटू की स्वीटी और ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों में भी देखा गया। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई।
फिलहाल उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उनके जल्द ठीक होकर वापस लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।

Exit mobile version