Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जर्मन सिंगर कैसेंड्रा का ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ गीत सुन पीएम मोदी हुए मंत्रमुग्ध

February 27, 2024

जर्मन सिंगर कैसेंड्रा का ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ गीत सुन पीएम मोदी हुए मंत्रमुग्ध

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु के पल्लादम में जर्मन गायिका कैसेंड्रा माई स्पिटमैन से मुलाकात की। इस दौरान उनकी मां भी मौजूद रहीं।

जर्मन सिंगर कैसेंड्रा ने पीएम मोदी को गाना भी सुनाया, जिसे सुनकर वह काफी मंत्रमुग्ध नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसेंड्रा, पीएम मोदी को ‘हरे राम, कृष्ण-कृष्ण हरे’ गाना सुनाती हैं, जिसे सुनकर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध हो जाते हैं और वह मेज पर तबला बजाने लगते हैं। इसके अलावा कैसेंड्रा ने उन्हें तमिल सॉन्ग ‘अच्युतम केशवम दामोदरम’ भी गाकर सुनाया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 105वें एपिसोड में कैसेंड्रा का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि वह कई भारतीय भाषाओं और विशेषकर भक्ति गीत गाती हैं। इसके बाद जर्मन गायिका कैसेंड्रा चर्चा में आई थी।

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में देशवासियों को 21 साल की कैसेंड्रा का गीत भी सुनाया था। उन्होंने कहा था कि जर्मन सिंगर कभी भारत नहीं आई हैं, लेकिन वह भारतीय संगीत की दीवानी हैं। जिसने कभी भारत देखा नहीं, उनकी भारत के संगीत में रूचि बहुत ही प्रेरित करती है, पीएम मोदी ने बताया था कि कैसेंड्रा जन्म से ही देख नहीं सकती हैं। लेकिन, इन मुश्किल चुनौती उन्हें असाधारण उपलब्धियों को रोक नहीं पाई। बचपन से ही उन्होंने गाना शुरू कर दिया था।

पीएम मोदी ने आगे बताया था कि गायिका कैसेंड्रा कई भारतीय गाने गाकर महारत हासिल कर चुकी हैं। हिंदी, संस्कृत, मलयालम, तमिल, कन्नड़, असमी, बंगाली, मराठी, उर्दू इन सब में अपने सुर साधे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कैसेंड्रा के कन्नड़ में गाया हुआ सॉन्ग भी सुनाया था।

बता दें कि इससे पहले वह 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य राम मंदिर के उद्घाटन और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ गाकर सोशल मीडिया पर छाई थीं। लोगों ने जर्मन सिंगर के इस गाने की खूब प्रशंसा भी की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें