Site icon Dainik Savera Times

Podmasters 2025 में Riya Chakraborty और Karishma Tanna ने जीता पुरस्कार, एक शाम, जहां आवाजों ने तोड़ीं सीमाएं

Podmasters 2025: मुंबई: भारत के सबसे प्रतिष्ठित पॉडकास्टिंग समारोह पॉडमास्टर्स 2025 का समापन सितारों की चमक और रचनात्मकता की रोशनी में हुआ। एचटी स्मार्टकास्ट और फीवर लाइव द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में न केवल पॉडकास्टिंग की बदलती धारा को सराहा गया, बल्कि उन आवाजों को भी मंच दिया गया, जिन्होंने समाज में गूंज पैदा की है।

इस वर्ष का समारोह विशेष रहा जहां अभिनेता और डिजिटल क्रिएटर एक ही छत के नीचे जुटे, वहीं कुछ ऐसी कहानियों ने सभी का दिल छू लिया, जो दर्द, पहचान और आत्म celebration से उपजी थीं।

-“जब दुनिया ने चुप कराया, तब मैंने अपनी आवाज़ को मंच दिया” रिया चक्रवर्ती

‘चैप्टर 2’ के लिए सर्वश्रेष्ठ मानसिक स्वास्थ्य पॉडकास्ट का पुरस्कार जीतने के बाद रिया चक्रवर्ती का भावुक संबोधन सभागार में सन्नाटा ले आया। रिया ने कहा, “जब मुझे कोई सुरक्षित जगह नहीं मिली, तब मैंने खुद वो जगह बनाई।” उनका पॉडकास्ट उन अनकहे जज़्बातों की गूंज है, जिनसे आज की युवा पीढ़ी जूझ रही है।

एक लंबे समय तक मीडिया के शोर में घिरी रिया ने अपनी आवाज़ को दर्द से उठाकर उद्देश्य में बदल दिया। उनकी इस पहल ने यह साबित किया कि जब आप खुद को टूटने से बचाने के लिए कुछ रचते हैं, तो वह कृति समाज को भी संबल दे सकती है।

-“जड़ों की ओर लौटना ही असल उन्नति है”  करिश्मा तन्ना

अभिनेत्री करिश्मा तन्ना ने ‘द करिश्मा तन्ना पॉडकास्ट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय पहचान पॉडकास्ट का पुरस्कार अपने नाम किया। यह पॉडकास्ट करिश्मा का एक व्यक्तिगत अभियान रहा है अपनी गुजराती विरासत को सम्मान देने और समुदाय के भीतर की कहानियों को मंच देने का।

पुरस्कार स्वीकार करते हुए करिश्मा ने कहा, “मुझे अपने गुजराती होने पर गर्व है, और मैं चाहती थी कि यह गर्व सिर्फ मेरे अंदर न रहे, बल्कि बाकी लोगों तक भी पहुँचे। जब मैंने गुजराती कलाकारों से उनकी जड़ों और परवरिश के बारे में बात की, तो वह सिर्फ एक बातचीत नहीं, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा बन गई।”

-पॉडकास्टिंग: एक नई सांस्कृतिक लहर

पॉडमास्टर्स 2025 ने यह भी दिखाया कि पॉडकास्टिंग अब सिर्फ कंटेंट नहीं, बल्कि संवेदना, सशक्तिकरण और समुदाय निर्माण का माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम में 30 से अधिक श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए, जिनमें सामाजिक बदलाव, शिक्षा, हास्य, क्राइम, और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर आधारित पॉडकास्ट शामिल थे।

-बॉलीवुड से परे कहानियों की असली ताकत

इस साल पॉडमास्टर्स की खास बात रही कि यहां केवल बड़े नाम नहीं, बल्कि बड़ी कहानियाँ भी थीं। रिया और करिश्मा जैसी हस्तियों ने यह सिद्ध किया कि मनोरंजन की दुनिया से जुड़े लोग भी तब असली प्रभाव डालते हैं, जब वे अपनी सच्ची कहानी कहने का साहस करते हैं।

पॉडमास्टर्स 2025 एक यादगार शाम बन गई जहाँ सिर्फ अवार्ड्स नहीं, बल्कि आवाज़ों का उत्सव मनाया गया। यह मंच उन लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है जो मानते हैं कि हर आवाज मायने रखती है चाहे वह दर्द से निकली हो या परंपरा से जुड़ी हो।

Exit mobile version