मुंबई : अभिनेत्री पूजा हेगड़े को न्यूयॉर्क में आयोजित ‘इंडिया डे परेड’ में गैस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर आमंत्रित किया गया। इस खास मौके पर पूजा हाथ में तिरंगा थामे नजर आईं और भारतीय समुदाय के साथ देश के प्रति अपना गर्व जाहिर किया। पूजा हेगड़े ने सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क इंडिया डे परेड की कई तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में वह पूरे उत्साह के साथ भारतीय झंडा लहराती नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वह कार के ऊपर खड़ी होकर हाथ में तिरंगा थामे दिखाई दे रही हैं। समारोह में उन्हें ‘चीफ गैस्ट’ लिखा हुआ पटका भी पहनाया गया।
तस्वीरों के साथ पूजा ने अपने अनुभव के बारे में भी विस्तार से लिखा। उन्होंने कहा, ‘न्यूयॉर्क में इंडिया डे परेड में गैस्ट ऑफ ऑनर बनना मेरे लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात है। न्यूयॉर्क में रह रहे भारतीयों को एक साथ अपने देश, अपनी संस्कृति और अपनी जड़ों का जश्न मनाते देखना मेरे लिए भावुक कर देने वाला पल रहा।’ दरअसल, न्यूयॉर्क में आयोजित यह 44वीं वार्षिक ‘इंडिया डे परेड’ थी। इसका आयोजन मैनहट्टन के मैडिसन एवेन्यू पर किया गया।

