Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजवीर जवंदा के अंतिम संस्कार में शर्मनाक घटना, 150 से अधिक मोबाइल फोन चोरी

October 11, 2025

राजवीर जवंदा के अंतिम संस्कार में शर्मनाक घटना, 150 से अधिक मोबाइल फोन चोरी

पंजाब डेस्क : पंजाबी संगीत जगत के मशहूर गायक राजवीर जवंदा के निधन ने जहां पूरे पंजाब को गमगीन कर दिया, वहीं उनके पैतृक गांव पोना में हुए अंतिम संस्कार के दौरान एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। आपको बता दें कि इस मौके पर पहुंचे कलाकारों और प्रशंसकों के 150 से अधिक मोबाइल फोन चोरी हो गए, जिससे माहौल में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, अंतिम संस्कार में पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े कई नामी कलाकार मौजूद थे। इस बीच, भीड़ का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आपको बता दें कि इस घटना की पुष्टि गायक गगन कोकरी ने अपने सोशल मीडिया वीडियो के माध्यम से की। उन्होंने बताया कि उनका खुद का फोन, साथ ही गायक जसवीर जस्सी और निर्माता पिंकी धालीवाल के दो मोबाइल भी चोरी हो गए हैं।

गगन कोकरी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, “यह बहुत ही शर्मनाक है कि एक शोक सभा के दौरान कुछ लोग इतनी बड़ी चोरी की योजना बना सकते हैं।” उन्होंने आशंका जताई कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 20-25 लोगों के गिरोह का काम हो सकता है।

चोरी की वजह से कई लोगों को घर लौटने में दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि उनके पास न तो संपर्क करने के लिए फोन था और न ही नेविगेशन का कोई साधन। स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि राजवीर जवंदा का बचपन इसी गांव में बीता था और यहीं से उन्होंने अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। उनके अंतिम संस्कार में भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन उसी भीड़ ने इस घटना को अंजाम देने वालों को मौका दे दिया। इस शर्मनाक घटना ने हर किसी को हैरान और नाराज कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें