मुंबई: बॉलीवुड के बहुप्रतीक्षित कॉमेडी एंटरटेनर हाउसफुल 5 जहां दर्शकों को हँसी का जबरदस्त तड़का देने आ रही है, वहीं इसी फिल्म के साथ रिलीज़ हुआ मालिक का टीज़र सिनेमाघरों में रोमांच की लहर दौड़ा गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर अपने अभिनय के दम पर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार उनके किरदार में है कुछ अलग ही धार।
मालिक में राजकुमार राव एक बेरहम गैंगस्टर की भूमिका में नजर आ रहे हैं ऐसा रूप जिसमें उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया। उनके लुक और हाव-भाव से साफ झलकता है कि यह किरदार एक अंधेरी, खतरनाक और रहस्यमयी दुनिया से जुड़ा है, जहां सत्ता की भूख और अस्तित्व की लड़ाई ही सब कुछ है। टीज़र में दिखाया गया उनका रौबदार अंदाज़, आंखों में उतरता क्रोध और संवादों में कड़वाहट, दर्शकों को सिहरने पर मजबूर कर देता है।

टीज़र के दमदार दृश्य और सघन बैकग्राउंड स्कोर इस बात की झलक देते हैं कि मालिक सिर्फ एक गैंगस्टर ड्रामा नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक यात्रा होगी जो अपराध, महत्वाकांक्षा और अधिकार की जंग को गहराई से पेश करेगी। पुलकित के निर्देशन में बनी इस फिल्म को टिप्स फिल्म्स के कुमार तौरानी और नॉर्दर्न लाइट्स फिल्म्स के जे शेवक्रमणी ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े समीक्षक और फिल्मप्रेमी टीज़र की प्रशंसा करते नहीं थक रहे। राजकुमार राव के लुक्स से लेकर फिल्म के प्रोडक्शन वैल्यू तक, हर पहलू को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। मालिक 11 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह फिल्म भी राजकुमार राव की बाकी हिट फिल्मों की तरह दर्शकों के दिलों पर राज कर पाएगी।