एंटरटेनमेंट डेस्क: साउथ से लेकर ग्लोबल सिनेमा तक अपनी पहचान बना चुके सुपरस्टार राम चरण अब एक नए ही जोश और जुनून के साथ तैयार हैं अपनी अगली फिल्म ‘पेड्डी’ के लिए, जो न केवल उनकी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना मानी जा रही है, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में भी एक बड़ा अध्याय लिखने की तैयारी में है।
‘पेड्डी’ की तैयारी में जान झोंक दी है राम चरण ने, और उनका लेटेस्ट लुक इस बात का सबूत है। घनी दाढ़ी, पीछे बंधे बाल और मस्कुलर बॉडी के साथ राम चरण का हालिया ट्रांसफॉर्मेशन हर किसी को चौंका रहा है। यह केवल एक लुक नहीं, बल्कि उनके किरदार में पूरी तरह समा जाने की प्रतिबद्धता है एक असली ‘बीस्ट मोड’!
इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं ‘उप्पेना’ फेम बुच्ची बाबू सना, जो फिर से एक इमोशनल और विजुअल ट्रीट देने की तैयारी में हैं। फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू द्वारा वृध्दि सिनेमा के बैनर तले किया जा रहा है, वहीं मिथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इस प्रोजेक्ट को प्रेजेंट कर रहे हैं।
जान्हवी कपूर, शिव राजकुमार और दमदार सपोर्टिंग कास्ट
इस मेगा प्रोजेक्ट में राम चरण के अपोज़िट नजर आएंगी जान्हवी कपूर, जो पहली बार उनके साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। वहीं कन्नड़ इंडस्ट्री के मेगास्टार शिव राजकुमार की फिल्म से जुड़ाव ने इसकी स्टार पावर को और बढ़ा दिया है। इसके अलावा जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा जैसी मजबूत भूमिकाएं फिल्म की गहराई को और मजबूती देने वाली हैं।
टेक्निकल टीम भी है सुपरस्टारों की तरह
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं आर. रत्नवेलु, जो इससे पहले ‘रंगस्थलम’ में राम चरण के साथ कमाल कर चुके हैं। संगीत की कमान संभाल रहे हैं ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान, जिनकी मौजूदगी अपने आप में क्वालिटी की गारंटी है। वहीं एडिटिंग का जिम्मा राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नवीन नूली को सौंपा गया है, जो फिल्म को एक चुस्त और प्रभावशाली नैरेटिव देंगे।
27 मार्च, 2026 – राम चरण के जन्मदिन पर रिलीज़
‘पेड्डी’ को 27 मार्च, 2026 को दुनियाभर में रिलीज़ किया जाएगा एक खास दिन जो राम चरण के जन्मदिन से भी जुड़ा है। फैंस के लिए यह डबल सेलिब्रेशन जैसा होगा: अपने फेवरेट स्टार का जन्मदिन और उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म की रिलीज़।
फिलहाल फिल्म का अगला बड़ा शूटिंग शेड्यूल शुरू होने वाला है, और राम चरण पूरी तरह से तैयार हैं उस फेज़ के लिए, जिसमें उन्हें अपने फिजिकल और इमोशनल दोनों लेवल पर चुनौतीपूर्ण सीन्स करने होंगे। उनके लुक और तैयारी को देखकर साफ है कि वे इस फिल्म में कुछ अलग, कुछ बड़ा देने के मूड में हैं।

