Ramayana Box Office Collection: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। बता दें कि फिल्म को रिलीज हुए 19 दिन हो चुके हैं, लेकिन दर्शकों के बीच इसका क्रेज अभी भी बना हुआ है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की इस फिल्म ने दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। अब फिल्म की नजर अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड पर है।
19वें दिन कितनी हुई कमाई?
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने रिलीज के 19वें दिन यानी सोमवार को भारत में 12.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 955.45 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,141.65 करोड़ रुपये पहुंच गया है। भाषा के हिसाब से देखें तो सोमवार को हिंदी में 9.25 करोड़, मलयालम में 1.50 करोड़, कन्नड़ में 85 लाख, तमिल में 80 लाख और तेलुगु में 30 लाख रुपये की कमाई हुई। हालांकि, रविवार के मुकाबले सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट आई। रविवार को फिल्म ने 35.60 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद सोमवार को कमाई करीब 62 फीसदी कम हो गई।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1700 करोड़ के पार
बता दें कि ‘रामायण’ को विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने विदेशी बाजारों से करीब 563 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,704.65 करोड़ रुपये हो गया है। अब फिल्म के सामने ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड है। अल्लू अर्जुन की इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,742 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में अब देखना होगा कि ‘रामायण’ इस आंकड़े को कब पार करती है।
दूसरी फिल्मों से मिल रही टक्कर
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ के साथ दूसरी फिल्में भी कमाई कर रही हैं। धनुष और ममूटी की फिल्म ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ ने रिलीज के तीन दिनों में दुनियाभर में 93.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, सोमवार को फिल्म ने 6.20 करोड़ रुपये कमाए। दूसरी तरफ हॉलीवुड फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ भारत में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। फिल्म ने चौथे दिन सिर्फ 33 लाख रुपये की कमाई की।

