एंटरटेनमेंट डेस्क: रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण रिलीज से पहले ही विवादों और आलोचनाओं के घेरे में नजर आ रही है। भगवान राम के किरदार में रणबीर की कास्टिंग, VFX की गुणवत्ता, कलाकारों के लुक और संगीत को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा रणबीर कपूर के राम बनने को लेकर है। उनके पुराने खान-पान संबंधी बयान भी विवाद का हिस्सा बन रहे हैं। वहीं, यश के रावण लुक को कुछ दर्शक रणबीर के राम से ज्यादा प्रभावशाली बता रहे हैं।
फिल्म के विवाह गीत ने भी नई बहस छेड़ दी है। कुछ श्रोताओं को इसका संगीत पारंपरिक भक्ति संगीत के बजाय कव्वाली और सूफी अंदाज से मिलता-जुलता लग रहा है। यहां तक कि इसकी तुलना Rockstar के ‘Kun Faya Kun’ से की जा रही है। राम-सीता के विवाह जैसे पवित्र प्रसंग में संगीत की शैली और सांस्कृतिक प्रस्तुति को लेकर दर्शकों की नाराजगी भी सामने आ रही है।
इसके अलावा कॉस्ट्यूम, मेकअप और CGI को लेकर भी अपेक्षाओं के अनुरूप न होने की आलोचना हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निर्माता रामायण की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को समझ पाए हैं? करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी इस महागाथा में सिर्फ भारी बजट, बड़े सितारे और हॉलीवुड स्तर के VFX काफी नहीं हैं।
फिलहाल फिल्म की झलकियों ने उम्मीदों से ज्यादा सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पूरी फिल्म इन विवादों का जवाब दे पाती है या दर्शकों की निराशा और बढ़ाती है।

