एंटरटेनमेंट डेस्क: सुपरस्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की बड़ी सफलता का जश्न मना रहे हैं, लेकिन ‘कांतारा’ से जुड़ा पुराना विवाद अभी भी उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। हाल ही में रणवीर सिंह ने कर्नाटक हाई कोर्ट को बताया है कि वह इस मामले में नया माफीनामा दाखिल करने के लिए तैयार हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 अप्रैल को उनके वकील साजन पुवैया ने जज एम. नागाप्रसन्ना के सामने कहा कि अभिनेता एक नया हलफनामा देंगे। इससे पहले शिकायतकर्ता प्रशांत मैथल ने कोर्ट में कहा था कि रणवीर का पुराना माफीनामा सच्चा और पर्याप्त नहीं था।
रणवीर के वकील ने अदालत को बताया कि नया माफीनामा दाखिल करने से पहले वे शिकायतकर्ता से बात करेंगे, ताकि शब्दों में सुधार किया जा सके और कोई गलतफहमी न रहे। रणवीर सिंह को अपनी गलती पर गहरा पछतावा है। उन्हें उस समय यह अंदाजा नहीं था कि उनके एक्ट से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होंगी।
रणवीर ने जताया पछतावा
अपने माफीनामे में रणवीर सिंह ने कहा है कि वह बिना शर्त माफी मांगते हैं और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे। वह मंदिर जाकर प्रार्थना करेंगे और अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे। साथ ही उन्होंने चामुंडी देवी मंदिर जाने की इच्छा भी जताई है। कोर्ट ने उनकी इस बात को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल तक टाल दी है।
क्या है पूरा ‘कांतारा’ विवाद
यह विवाद नवंबर 2025 में गोवा में हुए IFFI के दौरान शुरू हुआ था। इस इवेंट में रणवीर सिंह ने अभिनेता ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 की तारीफ करते हुए उनके दैवीय किरदार की मिमिक्री कर दी थी। बताया जाता है कि उस समय ऋषभ शेट्टी ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन रणवीर ने वह एक्ट दोबारा कर दिया। इसके बाद कर्नाटक के कई लोगों और भक्तों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
Volkswagen Taigun Facelift vs Maruti Victoris: इंजन, फीचर्स और कीमत में कौन है बेहतर SUV? जानें अंतर
पहले भी मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने पर रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी थी, लेकिन शिकायतकर्ता ने इसे सिर्फ औपचारिकता बताते हुए स्वीकार नहीं किया और अदालत में मामला दर्ज कर दिया।

