Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘Sayoni’ से कमबैक पर पहली बार बोलीं रश्मि देसाई, सरगुन मेहता और रवि दुबे को लेकर किया बड़ा खुलासा

September 22, 2026

‘Sayoni’ से कमबैक पर पहली बार बोलीं रश्मि देसाई, सरगुन मेहता और रवि दुबे को लेकर किया बड़ा खुलासा

एंटरटेनमेंट डेस्क: स्टार प्लस जल्द ही दर्शकों के लिए अपना नया शो ‘सयोनी’ लेकर आ रहा है। शो में रश्मि देसाई दमदार किरदार ‘माया’ की भूमिका निभाती नजर आएंगी। उनके साथ जान्हवी सोनी ‘सानवी’ और गौतम सिंह विग, सानवी की जिंदगी में आने वाले नए साथी के किरदार में दिखाई देंगे।

शो के प्रोमो ने माया, सानवी और उनकी जिंदगी में आने वाले बदलावों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। वहीं, रश्मि की टेलीविजन पर वापसी ने इस शो को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।

शो के प्रसारण से पहले रश्मि ने निर्माता सरगुन मेहता और रवि दुबे के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने दोनों को ‘कमाल का’ बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना उन्हें घर जैसा महसूस कराता है। रश्मि ने यह भी बताया कि बीते वर्षों में काम को लेकर उनका नजरिया किस तरह बदला है और आखिर क्यों उन्हें लगा कि ‘सयोनी’ उनके लिए सही प्रोजेक्ट है।

रश्मि देसाई ने कहा, “मुझे अपने काम से प्यार है, अपने सफर से प्यार है और सेट पर रहना मुझे बेहद पसंद है। अब मैं पहले से ज्यादा अनुशासित और अपने काम को लेकर ज्यादा केंद्रित हूं।

अनुभव बढ़ने के साथ मुझे लगता है कि अब मैं पहले से कहीं बेहतर काम कर सकती हूं। सबसे अहम बात यह है कि मैं किन लोगों के साथ काम कर रही हूं। मेरे निर्देशक और निर्माता सरगुन और रवि, मुझे लगता है कि वे कमाल के हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “सरगुन और रवि बतौर निर्माता टेलीविजन पर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उत्तम बेलावत भी एक बेहतरीन निर्देशक हैं। कई बार पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों को दर्शक नहीं जान पाते, जबकि वही आपके काम को सही दर्शकों तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। उत्तम इस शो की धड़कन हैं और सरगुन व रवि के साथ काम करते हुए मुझे घर जैसा महसूस होता है।

मुझे लगा कि इतने शानदार लोगों के साथ काम करना मेरे जीवन का एक नया और अहम मोड़ साबित हो सकता है, इसलिए मैंने तुरंत इस सफर का हिस्सा बनने का फैसला किया। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए सबसे अच्छा निर्णय है। अच्छा हुआ कि मैंने इतने लंबे समय तक इंतजार किया। अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रहना भी जरूरी है, क्योंकि मैंने कभी जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया।”

‘सयोनी’ में रश्मि देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह शो 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें