एंटरटेनमेंट डेस्क : बंगाल के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस विंडोज प्रोडक्शन और निर्माता रघुवेंद्र सिंह एक अनटाइटल्ड भारत-कोरिया फीचर फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। इस फिल्म में अभिनेता रवि किशन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन मशहूर बंगाली फिल्मकार जोड़ी नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी करेंगी।
ज़िनिया सेन द्वारा लिखी गई इस फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। फिल्म भारतीय समाज पर कोरियाई संस्कृति के बढ़ते प्रभाव और इसके चलते होने वाले सांस्कृतिक आदान-प्रदान को दर्शाएगी। बदलते सामाजिक प्रभावों को एक मनोरंजक और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानी के रूप में पेश किया जाएगा।
सामाजिक मुद्दों को मनोरंजक और मुख्यधारा की कहानियों के साथ खूबसूरती से पिरोने के लिए मशहूर नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने अपने करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘बेलाशेषे, प्राक्तन, पोस्टो, बेलाशुरु, रक्तबीज, बहुरूपी’ और ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ शामिल हैं। उनकी हिंदी फिल्म ‘शास्त्री विरुद्ध शास्त्री’ ने भी पारिवारिक रिश्तों और पीढ़ियों के बीच के टकराव को बखूबी दिखाया था। अब उनकी अगली फिल्म भारत और कोरिया के बीच बढ़ते सांस्कृतिक जुड़ाव की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी।
इस फिल्म में रवि किशन की एंट्री कहानी को एक नया आयाम देती है। अभिनेता को ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री रही फिल्म ‘लापता लेडीज़’ और कोर्टरूम कॉमेडी सीरीज ‘मामला लीगल है’ में उनके अभिनय के लिए खूब सराहना मिली है। कॉमेडी, ड्रामा और अलग-अलग तरह के किरदारों को सहजता से निभाने की उनकी क्षमता उन्हें इस कहानी के लिए एक दिलचस्प विकल्प बनाती है।
फिलहाल फिल्म की मुख्य कहानी को लेकर मेकर्स ने चुप्पी साध रखी है। हालांकि, इसे ‘हिंदी मीडियम’ की तर्ज पर एक सामाजिक पृष्ठभूमि वाली मनोरंजक फिल्म के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें हास्य और मानवीय रिश्तों के जरिए बड़े सामाजिक मुद्दों को सामने लाया जाएगा। भारतीय दर्शकों के बीच कोरियाई संगीत, मनोरंजन, फैशन और लाइफस्टाइल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म यह दिखाने की कोशिश करेगी कि किस तरह ये सांस्कृतिक प्रभाव आम भारतीय जीवन का हिस्सा बन रहे हैं और लोगों की सोच, परंपराओं तथा जीवनशैली को प्रभावित कर रहे हैं।
फिल्म के विकास से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, “यह फिल्म भारतीय समाज पर कोरियाई संस्कृति के बढ़ते प्रभाव और उससे पैदा होने वाले सांस्कृतिक आदान-प्रदान की कहानी है। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि किस तरह ये प्रभाव धीरे-धीरे भारतीय जीवन का हिस्सा बन रहे हैं और लोगों की सोच, आकांक्षाओं और रिश्तों को प्रभावित कर रहे हैं। इस पूरी कहानी को हास्य और भावनाओं के साथ पेश किया जाएगा। नंदिता और शिबोप्रसाद सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों को मुख्यधारा के दर्शकों तक पहुंचाने का एक खास अंदाज रखते हैं और रवि किशन इस कहानी में एक अलग ऊर्जा लेकर आएंगे। टीम अगले साल की शुरुआत में फिल्म की शूटिंग शुरू करने की दिशा में काम कर रही है।”
यह सहयोग बंगाली सिनेमा में विंडोज प्रोडक्शन की स्थापित पहचान और पत्रकारिता, मनोरंजन तथा फिल्म निर्माण के क्षेत्र में निर्माता रघुवेंद्र सिंह के अनुभव को एक साथ लेकर आ रहा है।
25 साल पहले स्थापित विंडोज प्रोडक्शन बंगाली सिनेमा के प्रमुख प्रोडक्शन हाउस में से एक है। इस बैनर ने पारिवारिक ड्रामा, सामाजिक विषयों पर आधारित कहानियों और कमर्शियल एंटरटेनर्स सहित कई तरह की फिल्में बनाई हैं। इसके हालिया प्रोजेक्ट्स में ‘रक्तबीज 2, आमार बॉस’ और ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ शामिल हैं।
वहीं, मनोरंजन पत्रकारिता में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले रघुवेंद्र सिंह ने ‘फिल्मफेयर’ में 11 साल तक काम किया है। वह हिंदी, मराठी और बंगाली फिल्मों से जुड़े रहे हैं, जिनमें ‘शास्त्री विरुद्ध शास्त्री’ भी शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में एसोसिएट प्रोड्यूसर के तौर पर भी काम किया है। उनकी आगामी फिल्म ‘रामबोला’ है, जिसका निर्देशन विशाल चतुर्वेदी कर रहे हैं और इसे महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया जा रहा है। यह फिल्म कवि-संत गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित है।
यह अनटाइटल्ड फिल्म निर्माताओं और फिल्मकारों के बीच एक नई रचनात्मक साझेदारी की शुरुआत है। अलग-अलग पृष्ठभूमि और अनुभवों से आए ये सभी कलाकार भारत में कोरियाई संस्कृति के बढ़ते प्रभाव और उससे हो रहे सांस्कृतिक आदान-प्रदान को एक दिलचस्प कहानी के जरिए दर्शकों के सामने लाने के लिए तैयार हैं। फिलहाल फिल्म के टाइटल, अन्य कलाकारों और कोरियाई सहयोगियों से जुड़ी जानकारी का खुलासा मेकर्स आने वाले समय में करेंगे।

