Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

66 वर्ष की हुई रीना रॉय, जानिए उनके फ़िल्मी करियर के बारे में

January 7, 2023

66 वर्ष की हुई रीना रॉय, जानिए उनके फ़िल्मी करियर के बारे में

बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री रीना रॉय आज 66 वर्ष की हो गयी। 07 जनवरी 1957 को जन्मीं रीना रॉय को सर्वप्रथम बी.आर.इशारा की फिल्म नई दुनिया नए लोग में काम करने का प्रस्ताव मिला। इस फिल्म में रीना रॉय के अपोजिट डैनी थे लेकिन कुछ कारणो से यह फिल्म रुक गई। बाद में यह फिल्म वर्ष 1973 में प्रदर्शित हुई लेकिन सफल नहीं रही। बी.आर. इशारा ने एक बार फिर से रीना रॉय और डैनी को अपनी फिल्म जरूरत में काम करने का अवसर दिया।

वर्ष 1972 में प्रदर्शित फिल्म जरूरत यूं तो टिकट खिड़की पर कोई खास करिश्मा नहीं दिखा सकी लेकिन रीना रॉय फिल्म इंडस्ट्री में जरूरत गर्ल के नाम से मशहूर हो गई।वर्ष 1973 में रीना रॉय को जीतेन्द्र के साथ फिल्म जैसे को तैसा में काम करने का अवसर मिला, जो उनके करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुई।वर्ष 1976 रीना रॉय के करियर के लिये अहम वर्ष साबित हुआ।

इस वर्ष उनकी नागिन और कालीचरण जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुई।राजकुमार कोहली के निर्देशन में बनी फिल्म नागिन में रीना रॉय ने इच्छाधारी नागिन की दमदार भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये रीना रॉय सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए भी नामांकित की गई। नागिन की ब्लॉकबस्टर कामयाबी के बाद रीना रॉय इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार हो गई।

नागिन की सफलता के बाद रीना रॉय, राजकुमार कोहली की प्रिय अभिनेत्री बन गई। कोहली ने रीना रॉय को मुकाबला, जानी दुश्मन,बदले की आग और राजतिलक जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम करने का अवसर दिया। वर्ष 1977 में प्रदर्शित फिल्म अपनापन रीना रॉय के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में शमिल है। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया।

रीना रॉय की जोड़ी शत्रुघ्न सिन्हा और सुनील दत्त के साथ काफी पसंद की गई। उन्होंने सत्तर और अस्सी के दशक में अपनी बोल्ड अदाओं से दर्शकों को अपना दीवाना बनाया। वर्ष 2000 में प्रदर्शित जे.पी.दत्ता की फिल्म रिफ्यूजी में रीना राय ने आखिरी बार काम किया है।रीना रॉय ने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम किया।

उनके करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में कुछ अन्य है-जमी, विश्वनाथ, बदलते रिश्ते, कर्मयोगी, गौतम गोविन्दा, आशा, सौ दिन सास के, नसीब,हथकड़ी, सनम तेरी कसम, धर्मकांटा, बेजुबान, दर्द का रिश्ता, नौकर बीबी का, गुलामी, आदमी खिलौना है आदि।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें