Site icon Dainik Savera Times

Rocking Star Yash की 17 साल की कहानी: थिएटर से ग्लोबल सिनेमा तक, एक नई सोच वाला सुपरस्टार

एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई सितारे आते हैं, कुछ चमकते हैं, कुछ खो जाते हैं। लेकिन यश जैसे कलाकार विरले होते हैं, जो न सिर्फ एक इंडस्ट्री के सुपरस्टार बनते हैं, बल्कि पूरे देश और अब वैश्विक स्तर पर भारतीय सिनेमा का चेहरा बदलने की जिम्मेदारी भी खुद उठाते हैं। थिएटर के मंच के पीछे से शुरुआत करने वाले यश ने हाल ही में अपने अभिनय करियर के 17 साल पूरे किए, और इस पूरे सफर को देखकर साफ कहा जा सकता है यह सिर्फ एक एक्टर की नहीं, एक विजनरी की कहानी है।

-थिएटर की परछाइयों से स्टारडम की रौशनी तक

यश का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पास न तो फिल्मी कनेक्शन था, न ही इंडस्ट्री का कोई गॉडफादर। लेकिन उनके भीतर था आत्मविश्वास, मेहनत और जोखिम उठाने की काबिलियत। उन्होंने थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की, फिर छोटे परदे तक पहुंचे और अंत में सिल्वर स्क्रीन पर अपनी पहचान बनाई।

कन्नड़ फिल्मों में ‘गूगली’, ‘मिस्टर एंड मिसेज रामाचार्य’, ‘राजा हुली’ जैसी फिल्मों से उन्होंने लगातार अपनी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का दिल जीता। हर फिल्म के साथ उनका फैनबेस बढ़ता गया और आखिरकार आया वो मोड़ जिसने उनके करियर को नई ऊंचाई दी KGF।

-KGF: कन्नड़ से पैन इंडिया और फिर ग्लोबल ब्रांड तक

KGF Chapter 1 और Chapter 2 सिर्फ फिल्में नहीं थीं, ये एक आंदोलन बन गईं। यश ने इस प्रोजेक्ट को सिर्फ एक हीरो की तरह नहीं, एक निर्माता, प्रचारक और ब्रांड एंबेसडर की तरह संभाला। उन्होंने खुद देशभर में फिल्म का प्रचार किया और सुनिश्चित किया कि KGF पूरे भारत में धमाका करे। इसके नतीजे में यश रातों-रात “पैन इंडिया स्टार” बन गए।

KGF ने यह भी दिखाया कि जब कोई स्टार अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर काम करता है, तो उसका असर पूरे इंडस्ट्री पर होता है।

-18 महीने का ब्रेक शांति नहीं, तैयारी थी

KGF की सफलता के बाद यश ने लगभग डेढ़ साल तक कोई नई फिल्म साइन नहीं की। यह कदम एक साहसी निर्णय था, क्योंकि ऐसी सफलता के बाद आमतौर पर स्टार्स तेजी से नए प्रोजेक्ट्स की कतार लगा देते हैं। लेकिन यश ने सोच-समझकर यह ब्रेक लिया — ताकि अगली फिल्म सिर्फ एक हिट न हो, बल्कि एक इंटरनेशनल स्टेटमेंट बने।

-‘टॉक्सिक’: नई सोच, नई दिशा

2026 की शुरुआत में रिलीज़ होने जा रही यश की अगली फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ इस सोच का नतीजा है। इस फिल्म का निर्देशन कर रही हैं गीथू मोहनदास, जिनकी पहचान एक संवेदनशील, कहानी-केंद्रित और इंटरनेशनल अपील वाली फिल्ममेकर के रूप में है।

इस प्रोजेक्ट में सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट किया जा रहा है, जो कि भारत में एक दुर्लभ प्रयोग है। इसके अलावा फिल्म को मल्टी-लैंग्वेज प्लेटफॉर्म पर भी डब कर रिलीज़ किया जाएगा, जिससे यह भारत की पहली ऐसी मेनस्ट्रीम फिल्म बन सकती है जो सच में “ग्लोबल” होगी।

-रावण का रोल साहसी चुनाव

जहां अधिकतर स्टार्स “हीरोइक” भूमिकाओं में खुद को सीमित रखते हैं, वहीं यश ने रामायण में रावण जैसे ग्रे शेड वाले किरदार को चुना है। यह सिर्फ एक रोल नहीं, बल्कि एक संदेश है वह सिर्फ स्टार नहीं, एक कलाकार भी हैं। यह रोल एक ऐसे समय में आया है जब यश अपने करियर के शिखर पर हैं, और यही बात उन्हें बाकी अभिनेताओं से अलग बनाती है।

-प्रोड्यूसर यश: कैमरे के पीछे की नई शुरुआत

यश ने मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया है, और टॉक्सिक इसकी पहली फिल्म होगी। इसके साथ ही वह रामायण को भी को-प्रोड्यूस कर रहे हैं। इससे यह साफ हो गया है कि अब यश सिर्फ परदे पर नजर आने वाले अभिनेता नहीं, बल्कि सिनेमा के हर पहलू में योगदान देने वाले क्रिएटर बन गए हैं।

Exit mobile version