Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहित शेट्टी फायरिंग केस से बॉलीवुड में दहशत, शुभम लोनकर ने 5 बड़ी हस्तियों को दी धमकी

February 5, 2026

रोहित शेट्टी फायरिंग केस से बॉलीवुड में दहशत, शुभम लोनकर ने 5 बड़ी हस्तियों को दी धमकी

मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर दहशत के माहौल में है। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी और फरार अपराधी शुभम लोनकर का नाम सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच नामी हस्तियों को निशाना बनाया है और उनसे रंगदारी वसूलने के लिए धमकी भरे कॉल किए गए हैं।

हालांकि, डर के कारण अब तक किसी भी फिल्मी हस्ती ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसी बीच, बीते रविवार मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी। इस मामले में भी मास्टरमाइंड के तौर पर शुभम लोनकर का नाम सामने आया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया इनपुट मिले हैं, जिनमें कई सितारों को धमकी भरे फोन कॉल किए जाने की जानकारी है। लेकिन कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा, जिससे पुलिस के लिए स्वतः कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा है।

इस बीच पुलिस के हाथ शुभम लोनकर की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी लगी है, जिसमें उसने खुलेआम रोहित शेट्टी को धमकी दी है। पोस्ट में लिखा गया है,
“राम-राम, जय बजरंग बली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज करके हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। यह सिर्फ ट्रेलर था। अगर अब भी नहीं समझे, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी। यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चेतावनी है, वक्त रहते सुधर जाओ।”

हालांकि, रोहित शेट्टी ने पुलिस को साफ तौर पर बताया है कि उन्हें किसी भी तरह का धमकी भरा कॉल या मैसेज नहीं मिला है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के अलग-अलग हिस्सों में शूटर की तलाश में जुटी हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें