Site icon Dainik Savera Times

“सैयारा में कुछ ऐसा शाश्वत है जो आज के हिंदी सिनेमा में बहुत ही दुर्लभ है”: Shreya Ghoshal

एंटरटेनमेंट डेस्क : बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’, जो यशराज फिल्म्स और मोहित सूरी की पहली साझेदारी है, हिंदी सिनेमा में लंबे समय बाद सबसे चर्चित डेब्यू फिल्म बन चुकी है। इस फिल्म का संगीत एल्बम पहले ही साल का सर्वश्रेष्ठ एल्बम माना जा रहा है, जिसमें फहीम-अरसलान का ब्लॉकबस्टर ‘सैयारा टाइटल ट्रैक’, जुबिन नौटियाल का ‘बर्बाद’, विशाल मिश्रा का ‘तुम हो तो’, सचेत-परंपरा का ‘हमसफ़र’ और अरिजीत सिंह व मिथुन का ‘धुन’ जैसे गाने संगीत चार्ट्स पर छाए हुए हैं।

हाल ही में, वाईआरएफ ने इस एल्बम का ‘सैयारा टाइटल ट्रैक (रिप्राइज़)’ जारी किया जिसे स्वरबद्ध किया है भारत की सर्वश्रेष्ठ गायिका श्रेया घोषाल ने। इंटरनेट पर यह गाना चर्चा का विषय बन चुका है, और फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि यह खूबसूरत ट्रैक फिल्म में किस मोड़ पर आएगा।

श्रेया घोषाल ने इस गाने को लेकर कहा,”सैयारा मेरे करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। इसमें मासूमियत और पवित्रता है — कुछ ऐसा जो आज के सिनेमा में दुर्लभ है। यह गाना इतनी खूबसूरती से लिखा गया है कि इसे गाते समय दिल अपने आप बहने लगता है। मैं गर्व महसूस करती हूँ कि वाईआरएफ और मोहित सूरी के साथ इस रिप्राइज़ ट्रैक पर काम करने का मौका मिला।”

उन्होंने आगे कहा, “इस गीत में इतना ‘दिल’ है कि मुझे यकीन है लोग इससे गहराई से जुड़ेंगे और फिर से प्यार में पड़ेंगे। मैं पूरी ‘सैयारा’ टीम को शुभकामनाएं देती हूँ। मुझे पूरा भरोसा है कि यह फिल्म एक बड़ी सफलता हासिल करेगी।”

‘सैयारा’ 18 जुलाई, 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म अहान पांडे और अनीत पड्डा की पहली प्रमुख फिल्म है, जो वाईआरएफ के नए चेहरे बनकर सामने आ रहे हैं।

Exit mobile version