Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

First Look Out: विक्रम फडणीस की रोमांटिक ड्रामा फिल्म में फोटोग्राफर के किरदार में दिखेंगी Saiyami Kher

May 25, 2026

First Look Out: विक्रम फडणीस की रोमांटिक ड्रामा फिल्म में फोटोग्राफर के किरदार में दिखेंगी Saiyami Kher

एंटरटेनमेंट डेस्क: अभिनेत्री सैयामी खेर ने फिल्ममेकर विक्रम फडणीस की आगामी अनटाइटल्ड रोमांटिक ड्रामा फिल्म से अपना दमदार फर्स्ट लुक शेयर किया है। इस फिल्म की कहानी इंसानी रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें प्यार, जज़्बात और रिश्तों की जटिलताओं को बेहद संवेदनशील तरीके से दिखाया जाएगा।

जारी किए गए फर्स्ट लुक में सैयामी एक फैशन फोटोग्राफर के किरदार में नज़र आ रही हैं। तस्वीर में वह एक प्रोफेशनल कैमरा हाथ में लिए नेचुरल आउटडोर लोकेशन पर दिखाई दे रही हैं। उनका सिंपल और रियलिस्टिक लुक फिल्म के भावनात्मक और ज़मीन से जुड़े टोन को खूबसूरती से दर्शाता है। इस किरदार के लिए सैयामी ने अपनी रियल लाइफ दोस्त और भारत की मशहूर फैशन फोटोग्राफर तरस तारापोरवाला से प्रेरणा ली है।

फिल्म में ताहिर राज भसीन और विनीत कुमार भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। यह फिल्म विक्रम फडणीस के लिए भी बेहद खास है, क्योंकि यह उनकी पहली हिंदी डायरेक्टोरियल फिल्म होगी जो रिलीज़ होने जा रही है। विक्रम अपनी बेहतरीन स्टाइल समझ, भावनाओं की गहराई और कहानी कहने के खास अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं।

फिल्म और विक्रम फडणीस के साथ काम करने के अनुभव पर सैयामी खेर ने कहा, “विक्रम ने जब मुझे फिल्म की कहानी सुनाई, तो मैंने तुरंत हां कह दिया। मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इतना मज़बूत और लेखक-प्रधान किरदार मिला।

मेरे जैसे कलाकार ऐसे दमदार रोल्स का इंतज़ार करते रहते हैं, इसलिए जब भी मुझे ऐसा मौका मिलता है, मैं खुद को बेहद सौभाग्यशाली महसूस करती हूं। यह फिल्म विक्रम के लिए बहुत पर्सनल है और इसलिए मेरे ऊपर उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की ज़िम्मेदारी भी ज़्यादा थी। उम्मीद है कि मैं उस पर खरी उतरी हूं।”

संयमी आगे कहती है, “विक्रम बहुत ही अच्छे इंसान हैं। उनकी ईमानदारी, मेहनत और अपने विज़न पर भरोसा ही इस फिल्म को संभव बना पाया है। उन्हें पूरी तरह पता था कि वह क्या बनाना चाहते हैं। फैशन इंडस्ट्री में इतने बड़े नाम होने के बावजूद और इंडस्ट्री में इतनी पहुंच होने के बावजूद वह इस रोल के लिए किसी भी बड़े नाम को चुन सकते थे, लेकिन उन्होंने किरदार के प्रति ईमानदार रहना चुना और अपने फैसलों पर भरोसा किया।”

अपनी बात खत्म करते हुए संयमी आगे कहती है, “मैं इस फिल्म में एक फोटोग्राफर का किरदार निभा रही हूं और हर फिल्म के साथ कोई नई चीज़ सीखना हमेशा शानदार अनुभव होता है। जैसा कि आप देख सकते हैं, विक्रम ने मुझे इस फिल्म में बिल्कुल अलग लुक दिया है। मुझे विनीत और ताहिर जैसे बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला, यह मेरे लिए खुशी की बात है।

दोनों ही शानदार, बेहद सुरक्षित और सहयोगी कलाकार हैं, जिससे काम करना और आसान हो जाता है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे हैवान जैसी फिल्म और यह फिल्म मिलीं – दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग किरदार और कहानियां हैं। मैं बस यही उम्मीद करती हूं कि मुझे कैमरे के सामने ऐसी कई नई ज़िंदगियां जीने का मौका मिलता रहे।”

अपनी भावनात्मक कहानी और दमदार स्टारकास्ट के चलते यह फिल्म पहले से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर रही है। फैंस अब सैयामी खेर को एक और अलग और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड किरदार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें