एंटरटेनमेंट डेस्क: NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों का समर्थन किया, लेकिन उनके बयान के कुछ ही घंटों बाद उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर चर्चा होने लगी और लोग दो अलग-अलग पक्षों में बंट गए।
सलमान खान ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए NEET पेपर लीक मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने अपने स्कूल के दिनों की एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की और लिखा कि छात्रों का आंदोलन शुरू में शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में हिंसक हो जाना दुखद है। उन्होंने कहा कि उनका दिल उन छात्रों और उनके परिवारों के साथ है, जो इस विवाद से प्रभावित हुए हैं।
अपने पोस्ट में सलमान ने छात्रों की मेहनत और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं और भारत का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने अपील की कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग न दिया जाए। उनके अनुसार, यह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मामला है और इसका समाधान निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों के हित में कदम उठाएगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।
Salman Khan today: “Paper leak is a very serious issue”
Salim Khan on Kapil’s show: “Ganesh naam ke ladke ki sabse zyada izzat thi hamare ghar mein, kyoki PAPER LEAK hote the to woh Salman ko laake deta tha” 😭😭😭 https://t.co/yeXlInPJce pic.twitter.com/GubGJQid5j
— Raj (@idfcwau) July 22, 2026
सलमान का पुराना वीडियो तेजी से वायरल होने लगा
हालांकि, सलमान के इस बयान के बाद ‘द कपिल शर्मा शो’ का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में सलमान खान अपने पिता सलीम खान और भाइयों अरबाज खान तथा सोहैल खान के साथ नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान सलीम खान एक पुराना किस्सा सुनाते हैं। वह बताते हैं कि उनके घर एक व्यक्ति अक्सर आता था, जिसका नाम “गणेश” था और घर में सभी लोग उसका काफी सम्मान करते थे।
जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो उन्हें बताया गया कि वह परीक्षा के कथित लीक हुए पेपर लाकर देता था। वीडियो में माहौल हल्का-फुल्का और मजाकिया दिखाई देता है। इसी दौरान सलमान खान भी हंसते हुए कहते नजर आते हैं कि उन्होंने ऐसे लीक हुए पेपरों की मदद से कुछ परीक्षाएं पास की थीं। इस पर शो में मौजूद दर्शक और परिवार के सदस्य भी हंसने लगते हैं।
लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं
यह पुराना वीडियो दोबारा वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स का कहना है कि यह एक कॉमेडी शो का पुराना मजाकिया किस्सा था और इसे मौजूदा NEET विवाद से जोड़ना सही नहीं है। उनका मानना है कि स्कूल स्तर की परीक्षाओं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा की तुलना नहीं की जानी चाहिए।
वहीं, कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने सलमान खान की आलोचना की। उनका कहना है कि परीक्षा में पेपर लीक या नकल किसी भी स्तर पर गलत है और ऐसे में इस मुद्दे पर बयान देने से पहले उन्हें अपने पुराने बयान और वीडियो का भी ध्यान रखना चाहिए। कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि हर बड़े विवाद के दौरान ऐसे पुराने वीडियो अचानक फिर से वायरल क्यों होने लगते हैं।
देश के कई हिस्सों में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी
इस बीच, कथित NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देश के कई हिस्सों में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली से शुरू हुआ आंदोलन अब कई राज्यों तक पहुंच चुका है। प्रदर्शन कर रहे छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। कई जगहों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा रही है।

