Site icon Dainik Savera Times

बड़ी बेटी के जन्मदिन पर संजय दत्त ने अपनी ‘राजकुमारी’ के लिए लिखा दिल को छू लेने वाला संदेश

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त, जिन्हें हाल ही में रिलीज हुई उनकी स्ट्रीमिंग फिल्म ‘घुड़चढ़ी’ के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, उन्होंने शनिवार को अपनी बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त को उनके जन्मदिन पर दिल को छू लेने वाली शुभकामनाएं दी।

अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर त्रिशाला के बचपन की एक पुरानी तस्वीर शेयर की, इसमें वह अपनी बेटी को गोद में लिए बैठे नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, “तुम्हारे इस खास दिन पर मेरी राजकुमारी, मुझे याद आ रहा है कि तुम्हारा पिता बनकर मैं कितना धन्य हूं। तुम्हारा प्यार मेरी दुनिया को ऐसे तरीके से रोशन करता है, जिसे मैं बयां नहीं कर सकता। जन्मदिन मुबारक त्रिशाला दत्त मुझे तुम पर हमेशा गर्व है।”

1988 में जन्मी त्रिशाला संजय की पहली पत्नी ऋचा शर्मा की बेटी हैं। 1996 में ब्रेन ट्यूमर से ऋचा का निधन हो गया। इसके बाद, संजय ने 14 फरवरी, 1998 को रिया पिल्लई से शादी की। हालांकि, 2008 में दोनों अलग हो गए। फिर उन्होंने दो साल की डेटिंग के बाद उसी साल मान्यता से शादी कर ली। मान्यता के साथ अपनी शादी से वे 2010 में जुड़वां बच्चों, एक लड़का और एक लड़की के पिता बने।

न्यूयॉर्क की मनोचिकित्सक त्रिशाला, मान्यता के साथ बहुत करीबी रिश्ता रखती हैं। उन्हें अक्सर संजय, मान्यता और उनके जुड़वा बच्चों के साथ इवेंट और पार्टियों में समय बिताते देखा जाता है।

इस बीच, काम के मोर्चे पर, संजय दत्त के पास कई प्रोजेक्ट हैं। इनमें से पहली पुरी जगन्नाथ द्वारा निर्देशित ‘डबल आईस्मार्ट’ है। फिल्म में वह प्रतिपक्षी की भूमिका में नजर आएंगे और राम पोथिनेनी के साथ भिड़ेंगे। पिछले साल, उन्होंने ‘लियो’ के साथ तमिल में अपनी शुरुआत की, जिसमें उन्होंने थलपति विजय के साथ स्क्रीन शेयर की।

इसके अलावा उनके पास ‘केडी-द डेविल’, तरुण मनसुखानी की ‘हाउसफुल 5’ और रणवीर सिंह, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल के साथ एक अनाम फिल्म भी है। इस फिल्म का निर्देशन ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ फेम आदित्य धर करेंगे।

Exit mobile version