Dainik Savera Times

Sharvari: ‘झुमका पटोला’ ने इंस्टाग्राम पर मचाई धूम, 10 लाख रील्स का आंकड़ा किया पार

Sharvari

एंटरटेनमेंट डेस्क : शर्वरी के गानों को विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है और वह संगीत के मामले में एक शानदार दौर से गुजर रही हैं। उनके हालिया गाने ‘झुमका पटोला’ ने इस सफर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गाने ने इंस्टाग्राम पर 10 लाख रील्स का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं यूट्यूब पर इसे 135 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। यह गाना इंस्टाग्राम पर ट्रेंडिंग ऑडियो बन गया है, जहां दर्शक इसके साथ डांस वीडियो, रीक्रिएशन्स और अपने अंदाज में अलग-अलग प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

शर्वरी के लिए इस प्रतिक्रिया को खास बनाने वाली बात यह है कि लोग गाने को उसके मूल रूप से आगे ले जाकर अपने अंदाज में अपना बना रहे हैं। गाने को मिल रहे प्यार के बारे में बात करते हुए वह कहती हैं, “मैं अपने गानों को लेकर बेहद खुशकिस्मत रही हूं और यह देखना वाकई बेहद खास है कि ‘झुमका पटोला’ को हर वर्ग के दर्शकों से इतना प्यार और सराहना मिल रही है। सबसे दिल छू लेने वाली बात यह है कि ऐसा लगता है कि इस गाने ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है। लोग इसे अपना रहे हैं, इस पर डांस कर रहे हैं, अपने वर्जन बना रहे हैं और इसे अपने अंदाज में पेश करने के अलग-अलग तरीके खोज रहे हैं। मुझे इन रीक्रिएशन्स को देखना बहुत पसंद है, क्योंकि हर रीक्रिएशन गाने में एक नई ऊर्जा और अलग अंदाज लेकर आता है।”

यह गाना उन गानों की कड़ी में नवीनतम है, जिन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इससे पहले ‘तरस’, ‘हां के हां’ और ‘मस्कारा’ को भी खूब पसंद किया गया। इस जुड़ाव को खास बनाने वाली बात पर वह आगे कहती हैं, “मेरे लिए संगीत की सबसे खूबसूरत बात यही है कि जब आप किसी चीज का हिस्सा होते हैं और वह पर्दे से आगे बढ़कर लोगों की जिंदगी, उनके जश्न और रोजमर्रा के पलों का हिस्सा बन जाती है। मैं इन गानों को मिले प्यार और स्नेह के लिए बेहद आभारी हूं और उम्मीद करती हूं कि आगे भी ऐसे संगीत का हिस्सा बनती रहूं, जो लोगों को नाचने, जश्न मनाने और थिरकने के और भी पल दे।” ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शर्वरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। राजश्री प्रोडक्शन्स और महावीर जैन फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version