
एंटरटेनमेंट डेस्क: शरवरी ने अपने डांस परफॉर्मेंस से कई बार दर्शकों का ध्यान खींचा है और उनका लेटेस्ट गाना ‘झुमका पटोला’ दर्शकों को उनकी डांसिंग प्रतिभा की एक और झलक देता है। सूरज आर. बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का यह गाना अभिनेत्री को ऐसे फिल्ममेकर के साथ काम करने का मौका भी देता है, जिनके गाने हिंदी सिनेमा और उसके कई यादगार ऑन-स्क्रीन पलों का अभिन्न हिस्सा रहे हैं।
शरवरी का कहना है कि सूरज बड़जात्या का नजरिया सिर्फ कोरियोग्राफी तक सीमित नहीं है, बल्कि गाने का हर मूवमेंट और एक्सप्रेशन कहानी से गहराई से जुड़ा होता है।
वह कहती हैं, “मुझे हमेशा से डांस करना पसंद रहा है, लेकिन सूरज सर के साथ गाना कहानी का इतना अहम हिस्सा होता है कि उसे सिर्फ एक डांस परफॉर्मेंस की तरह नहीं देखा जा सकता। ‘झुमका पटोला’ की शूटिंग के दौरान वह मुझे समझाते थे कि वह पल मेरे किरदार के लिए क्या मायने रखता है। वह अपने पिछले गानों से जुड़े किस्से भी साझा करते थे और मैंने कोशिश की कि हर स्टेप और एक्सप्रेशन में उन बातों को शामिल कर सकूं।
डांस की अपनी एक भाषा होती है और कभी-कभी कोई गाना वह सब कुछ कह देता है, जो एक सीन शायद नहीं कह पाता। कुछ गाने सालों तक हमारे साथ क्यों बने रहते हैं, इसकी एक वजह है। वे उन किरदारों और पलों से इस कदर जुड़ जाते हैं, जिन्हें हम हमेशा याद रखते हैं।
‘झुमका पटोला’ ने मुझे डांस के प्रति अपने प्यार को ऐसे अंदाज में एक्सप्लोर करने का मौका दिया, जैसा मैंने पहले कभी नहीं किया था। टाइटल ट्रैक ‘ये प्रेम मोल लिया’ को दर्शकों से मिले प्यार और गर्मजोशी भरे रिस्पॉन्स के बाद, मैं अब इस गाने के जरिए दर्शकों को मिलने वाले अनुभव का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।”
‘झुमका पटोला’ अब रिलीज हो चुका है। –
हिमेश रेशमिया के संगीत से सजा ‘ये प्रेम मोल लिया’, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।