सदाबहार फिल्म मासूम आज भले ही क्लासिक मानी जाती हो, लेकिन रिलीज के वक्त इसका सफर बिल्कुल आसान नहीं था। बहुत कम लोग जानते हैं कि पहले ही दिन यह फिल्म फ्लॉप मान ली गई थी।
शुरुआती दिनों में सिनेमाघर खाली पड़े रहते थे। हालात ऐसे थे कि कई थिएटर मालिकों ने फिल्म चलाने से तक इनकार कर दिया था। इसके बावजूद मासूम समय के साथ एक कल्ट क्लासिक बन गई। अब इस फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। इसके निर्देशक शेखर कपूर ने फिल्म का दूसरा पार्ट नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ बनाने का फैसला किया है।
मासूम शेखर कपूर की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। हालांकि, इस फिल्म के बाद उन्होंने आगे फिल्में न बनाने का मन बना लिया था। लेकिन इसी फिल्म से जुड़ी एक घटना ने उनकी सोच और जिंदगी की दिशा बदल दी।
शेखर कपूर ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस किस्से को साझा किया। उन्होंने लिखा कि रिलीज के पहले दिन वह खुद एक बड़े सिनेमाघर में फिल्म देखने पहुंचे, जहां पूरे हॉल में सिर्फ दो लोग थे और उनमें से एक वे खुद थे। पहले शो के बाद हॉल पूरी तरह खाली हो गया। बाहर कुछ नाराज युवकों ने उन्हें घेर लिया और जब उन्हें पता चला कि वही फिल्म के निर्देशक हैं, तो उन्होंने कहा कि उनके पैसे बर्बाद कर दिए गए हैं और आगे ऐसी “आर्टिकल” यानी आर्टिस्टिक फिल्में न बनाने की सलाह दी।
उन्होंने आगे बताया कि शनिवार से लेकर बुधवार तक सिनेमाघरों की हालत वही रही। नौबत यहां तक आ गई कि फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने इसे चलाने से मना कर दिया। शेखर कपूर उन दिनों मुंबई की सड़कों पर भटकते रहे और सोचते रहे कि अब आगे क्या किया जाए, क्योंकि उन्हें लगने लगा था कि उनका फिल्मी करियर यहीं खत्म हो गया है।
लेकिन फिर गुरुवार को कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उन्हें आज तक वजह समझ नहीं आई। अचानक एक सिनेमा हॉल हाउसफुल हो गया और अगले ही दिन टिकट खिड़कियों पर लंबी कतारें लग गईं। महज एक हफ्ते में फिल्म ने अपनी पूरी लागत निकाल ली।
अब उसी यादगार फिल्म का अगला चैप्टर बनने जा रहा है, जिसका नाम होगा मासूम – नेक्स्ट जनरेशन। पहली फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शबाना आज़मी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं और एक सौतेले बच्चे की भावनात्मक कहानी को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश किया गया था। नए पार्ट में क्या खास होगा, इसका जवाब तो वक्त के साथ ही सामने आएगा।

