Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिल्पा शेट्टी ने पेरेंट्स के लिए साझा किया वीडियो, इंटरनेट एडिक्शन पर जताई चिंता

February 10, 2026

शिल्पा शेट्टी ने पेरेंट्स के लिए साझा किया वीडियो, इंटरनेट एडिक्शन पर जताई चिंता

आज के दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया बच्चों के साथ-साथ माता-पिता के लिए भी बड़ी चिंता का कारण बन चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि कई बच्चे बिना मोबाइल के खाना तक नहीं खा पा रहे। इंटरनेट गेम्स की लत इतनी बढ़ चुकी है कि कुछ मामलों में यह जानलेवा भी साबित हो रही है। इसी गंभीर मुद्दे पर ध्यान दिलाते हुए अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने माता-पिता से खास अपील की है और बच्चों को इंटरनेट की लत से बचाने के लिए कुछ आसान सुझाव साझा किए हैं।

‘सेफर इंटरनेट डे’ के मौके पर शिल्पा शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक हेल्पफुल वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बताया कि बच्चों को डांटे या उन पर जबरदस्ती किए बिना भी धीरे-धीरे उनका इंटरनेट इस्तेमाल कम किया जा सकता है। इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए शिल्पा ने कहा कि वह इस विषय पर सिर्फ एक सेलिब्रिटी के तौर पर नहीं, बल्कि एक मां होने के नाते दिल से बात करना चाहती हैं। उनके मुताबिक इंटरनेट आज की सबसे ताकतवर चीज बन चुका है, जो जहां क्रिएटिविटी की आजादी देता है, वहीं इसके नुकसान भी उतने ही गंभीर हैं। इंटरनेट के जरिए बच्चे ऐसी चीजों के संपर्क में आ रहे हैं, जिनके बारे में जानना उनकी उम्र के लिए जरूरी नहीं होता।

माता-पिता को सलाह देते हुए शिल्पा ने कहा कि बच्चों और टेक्नोलॉजी के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले यह समझना होगा कि बच्चा इंटरनेट पर क्या देख रहा है और किस तरह का कंटेंट उसे आकर्षित कर रहा है। साथ ही उससे खुलकर बात करनी चाहिए, ताकि यह जाना जा सके कि उसके मन में क्या चल रहा है। अक्सर बच्चे जिज्ञासा के कारण इंटरनेट का सहारा लेते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि खासतौर पर टीनएज बच्चों के साथ रिश्ते को मजबूत बनाना बहुत जरूरी है। उन्हें यह समझाना चाहिए कि इंटरनेट पर दिखने वाली हर चीज न तो सच होती है और न ही सही। बच्चों को सही और गलत के फर्क के बारे में साफ-साफ समझाएं। शिल्पा शेट्टी ने सभी माता-पिता से अपील की कि वे मिलकर अपने बच्चों की जिंदगी को बेहतर बनाने की कोशिश करें और उन्हें इंटरनेट की लत से बचाएं।

गौरतलब है कि शिल्पा शेट्टी खुद दो बच्चों की मां हैं। उनके बेटे का नाम वियान राज कुंद्रा और बेटी का नाम समीषा शेट्टी कुंद्रा है। उन्होंने सेरोगेसी के जरिए बेटी को जन्म दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें