एंटरटेनमेंट डेस्क : फिल्म ‘ईथा’ में एक पारंपरिक तमाशा कलाकार का लुक पर्दे पर बिल्कुल असली लगे, इसके लिए श्रद्धा कपूर की हर पोशाक पर बारीकी से काम किया गया। कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर शीतल शर्मा ने खुलासा किया है कि टीम ने पहले से सिली हुई नौवारी साड़ियों का इस्तेमाल करने से साफ इनकार कर दिया था। यही वजह रही कि श्रद्धा ने डांस रिहर्सल के दौरान भी पूरे पारंपरिक अंदाज़ में नौ गज की नौवारी साड़ी पहनी, ताकि वह इस पहनावे की आदत डाल सकें।
इस बारे में बात करते हुए शीतल शर्मा ने एक प्रकाशन को बताया, “श्रद्धा, लक्ष्मण सर, कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट और मैं, हम सभी इस बात पर एकमत थे कि पहले से बंधी हुई साड़ियां इस्तेमाल नहीं करेंगे, क्योंकि वे नकली सी लगती हैं। उनका गिरने का अंदाज़ कमर और बाजुओं के पास अलग होता है और वे जरूरत से ज्यादा सलीकेदार दिखती हैं। इसलिए जब भी श्रद्धा रिहर्सल के लिए जाती थीं, हम उन्हें नौवारी साड़ी पारंपरिक तरीके से पहनाते थे, ताकि उन्हें इसकी आदत हो जाए।”
फिल्म में श्रद्धा एक तमाशा कलाकार की भूमिका निभा रही हैं, ऐसे में कॉस्ट्यूम टीम ने सिर्फ आम महाराष्ट्रीयन कपड़ों तक खुद को सीमित नहीं रखा। किरदार की कला जगत में पहचान और उसके रुतबे को ध्यान में रखते हुए खास पहनावे तैयार किए गए। पैठणी साड़ियों के साथ-साथ टीम ने कर्नाटक, मध्य प्रदेश और कांचीपुरम से भी खास कपड़े मंगवाए और अलग-अलग पारंपरिक बुनावटों को नौ गज की साड़ियों के रूप में ढाला।
शीतल शर्मा ने यह भी बताया कि असलियत का तड़का सिर्फ कपड़ों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि गहनों और डांस के सामान पर भी उतनी ही बारीकी से ध्यान दिया गया। डांस सीक्वेंस के लिए निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने धातु की जंजीरों से जुड़े पारंपरिक घुंघरू इस्तेमाल करने का फैसला किया, जिनकी हर जोड़ी का वजन करीब छह किलो था। यह फैसला नर्तकों और शोधकर्ताओं से बातचीत के बाद लिया गया, ताकि टीम को पता चल सके कि पुराने दौर में कलाकार किस तरह के गहने और साजो-सामान पहनकर मंच पर उतरते थे।
इस किरदार और तमाशा संस्कृति को करीब से समझने के लिए टीम कोल्हापुर और पुणे भी पहुंची, जहां उन्होंने वरिष्ठ तमाशा कलाकारों और संगीतकारों से मुलाकात की। इन बातचीत के जरिए टीम ने इस लोककला के इतिहास और इसके भव्य, रंगीन और जोश से भरे मंचीय अंदाज़ को समझा। वहां सुने किस्सों को याद करते हुए शीतल शर्मा ने बताया, “हमें ऐसे शो के बारे में कहानियां सुनने को मिलीं, जहां 14,000 लोग पहुंच गए थे और बैठने तक की जगह नहीं बची थी। हम उसी जोश और रौनक को फिर से पर्दे पर जीवंत करना चाहते थे।”
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी और दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर व करिश्मा शर्मा द्वारा निर्मित ‘ईथा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।