
एंटरटेनमेंट डेस्क: नए साल की शुरुआत के साथ ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री लगातार विवादों में घिरती नजर आ रही है। पहले एक्टर कार्तिक आर्यन, फिर सिंगर करण औजला और अब मशहूर सिंगर अनुव जैन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन मामलों को लेकर काफी चर्चा और हंगामा मचा हुआ है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत कार्तिक आर्यन से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई। कार्तिक ने गोवा वेकेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। उसी जैसी लोकेशन और बैकग्राउंड वाली तस्वीरें यूके की एक लड़की ने भी पोस्ट कीं। इस लड़की का नाम करीना बताया गया और सोशल मीडिया पर अफवाह फैल गई कि कार्तिक नए साल की छुट्टियां उसी के साथ मना रहे हैं। बाद में पता चला कि लड़की की उम्र सिर्फ 17 साल है।
रेडिट पर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं और धीरे-धीरे यह अफवाह विवाद में बदल गई। कुछ लोगों ने कार्तिक आर्यन पर नाबालिग से रिश्ते जैसे गंभीर आरोप तक लगा दिए। लड़की को भी सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और गलत कमेंट्स का सामना करना पड़ा। आखिरकार लड़की को सामने आकर कहना पड़ा कि वह कार्तिक आर्यन को नहीं जानती और अपने माता-पिता के साथ गोवा घूमने गई थी। हालांकि तब तक कार्तिक की छवि को नुकसान पहुंच चुका था।
इसके बाद मशहूर पंजाबी सिंगर करण औजला भी विवादों में आ गए। एक अमेरिकी म्यूजिशियन ने आरोप लगाया कि वह करण के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि करण पहले से शादीशुदा हैं।महिला का दावा था कि जब उसने रिश्ते की बात सार्वजनिक की, तो उस पर चुप रहने और इस मुद्दे पर बात न करने का दबाव बनाया गया। इसके साथ ही उसे सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा भी किया गया। इतना ही नहीं, एक ऑस्ट्रेलियाई डीजे ने भी दावा किया कि करण औजला उसे मैसेज किया करते थे और जरूरत पड़ने पर वह इसके सबूत भी दे सकती है।
अब इसी कड़ी में सिंगर अनुव जैन का नाम सामने आया है। इंस्टाग्राम पर RedFlagFiles नाम के अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें अनुव जैन की कुछ तस्वीरें और इंस्टाग्राम चैट के स्क्रीनशॉट दिखाए गए हैं। इन चैट्स में दावा किया गया है कि अनुव जैन एक लड़की से बात कर रहे थे, जिसने खुद बताया कि उसकी उम्र 17 साल है। आरोप है कि इसके बावजूद सिंगर उससे बातचीत करते रहे।
एक मैसेज में कथित तौर पर अनुव ने कहा कि लड़की की बातें सुनकर वह 17 साल की नहीं लगती। वहीं दूसरे मैसेज में लड़की से “प्राइवेट बातों” को लेकर भरोसा रखने और यह कहने की बात सामने आई है कि “डरने की कोई जरूरत नहीं है, ये सब हमारे बीच ही रहेगा।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स की राय बंटी हुई है। कुछ लोग अनुव जैन को गलत ठहरा रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इन आरोपों पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ये चैट्स एआई या एडिटिंग का नतीजा हो सकती हैं। वहीं कई यूजर्स का मानना है कि बिना किसी ठोस सबूत के किसी को बदनाम करना गलत है। इसके अलावा कुछ लोग अनुव जैन के गानों के बोलों को लेकर मजाक भी उड़ा रहे हैं और तंज कस रहे हैं।
दैनिक सवेरा सोशल मीडिया पर वायरल इन दावों की पुष्टि नहीं करता है। इस खबर में शामिल सभी बातें रेडिट और इंस्टाग्राम पर सामने आए पोस्ट्स और चर्चाओं पर आधारित हैं। कार्तिक आर्यन, करण औजला और अनुव जैन में से किसी की ओर से अब तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...