Dainik Savera Times

सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने की सगाई, दिल्ली कॉन्सर्ट में मंगेतर के साथ स्टेज पर किया डांस

jasmine sandlas

एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस ने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने लाइव शो के बीच अपनी सगाई का ऐलान किया और पहली बार अपने मंगेतर शेखर चौधरी को स्टेज पर बुलाकर सभी से मिलवाया। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।

स्टेज पर दिखाई सगाई की अंगूठी

दिल्ली में आयोजित ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की ओपनिंग नाइट के दौरान जैस्मीन ने अपने शो को यादगार बना दिया। परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने शेखर चौधरी को मंच पर बुलाया और दर्शकों के सामने अपनी सगाई की अंगूठी दिखाकर बताया कि दोनों ने सगाई कर ली है। यह खबर सुनते ही पूरा हॉल तालियों और खुशी के शोर से गूंज उठा।

दोनों ने साथ किया रोमांटिक डांस

सगाई की घोषणा के बाद जैस्मीन और शेखर ने उनके लोकप्रिय गीत ‘लावां’ पर साथ में डांस भी किया। दोनों की शानदार केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया। वहां मौजूद लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस इस जोड़ी को खूब शुभकामनाएं दे रहे हैं।

 

‘धुरंधर’ के गानों से मिली नई पहचान

हाल के दिनों में जैस्मीन सैंडलस ने फिल्म ‘धुरंधर’ के कई गानों में अपनी आवाज दी है। इनमें टाइटल ट्रैक, ‘शरारत’, ‘मैं और तू’ और ‘जाइए सजना’ जैसे गाने शामिल हैं। खास तौर पर ‘जाइए सजना’ को दर्शकों का शानदार प्यार मिला और यह गाना सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हुआ। इस गाने पर जैस्मीन की लाइव परफॉर्मेंस के वीडियो भी खूब पसंद किए गए।

जैस्मीन सैंडलस का संगीत सफर

जैस्मीन सैंडलस का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था और उनकी परवरिश अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुई। उन्होंने साल 2008 में ‘मुस्कान’ गाने से अपने संगीत करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने रैपर बोहेमिया के साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया और धीरे-धीरे पंजाबी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2014 में जैस्मीन को बड़ी सफलता तब मिली, जब उन्होंने रैपर यो यो हनी सिंह के साथ फिल्म ‘किक’ के सुपरहिट गाने ‘यार ना मिले’ में अपनी आवाज दी। इस गाने ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने पंजाबी और बॉलीवुड संगीत जगत में कई हिट गाने दिए और आज वे इंडस्ट्री की चर्चित गायिकाओं में गिनी जाती हैं।

 

Exit mobile version