Kareena Kapoor: फिल्म ‘दायरा’ के प्रमोशन के बीच करीना कपूर खान ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को खास अंदाज में याद किया। अभिनेत्री ने करिश्मा के उस चर्चित लुक को दोबारा अपनाया, जो उन्होंने श्याम बेनेगल की फिल्म ‘जुबैदा’ में नजर आई थीं। करीना का यह अंदाज सामने आते ही बहनों के बीच फैशन की समान पसंद चर्चा में आ गई।
करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दोनों बहनों की तस्वीरों का एक कोलाज पोस्ट किया। एक तस्वीर में करीना उसी तरह की मल्टीकलर साड़ी में दिखाई दीं, जबकि दूसरी फोटो ‘जुबैदा’ की थी, जिसमें करिश्मा कपूर हाथों में फूलों का गुलदस्ता लिए नजर आ रही थीं। तस्वीरों को शेयर करते हुए करीना ने लिखा, “मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है… सिस्टर्स फॉरएवर।”
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/prachi-desai-birthday-kasam-se-tv-to-bollywood-journey/
करिश्मा का यह यादगार लुक फिल्म ‘जुबैदा’ के गाने ‘धीमे धीमे गाऊं’ से जुड़ा हुआ है। इस गाने का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया था और इसे कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था। राजस्थानी पारंपरिक समुद्र लेहरिया प्रिंट वाली रंग-बिरंगी साड़ी के साथ करिश्मा ने साधारण ब्लाउज और मोतियों की ज्वेलरी पहनी थी। यही वजह है कि यह लुक आज भी बॉलीवुड के चर्चित फैशन स्टाइल्स में शामिल किया जाता है।
अब करीना कपूर की फिल्म ‘दायरा’ की बात करें तो इसका निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। फिल्म के लेखन की जिम्मेदारी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने संभाली है। जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज इस प्रोजेक्ट को मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई गई है।
फिल्म में अपराध और सजा से जुड़े पहलुओं के साथ न्याय व्यवस्था के अलग-अलग पक्षों को दिखाया जाएगा। कहानी में त्वरित न्याय और देरी से मिलने वाले न्याय के बीच का फर्क भी अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा दो पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग सोच और परिस्थितियों को देखने का उनका नजरिया भी कहानी का हिस्सा है। ‘दायरा’ जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज की पहली संयुक्त फिल्म है, जबकि मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद यह तीसरा सहयोग है।
करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार किसी फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा की पेन स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है और पेन मरुधर इसके वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा। ‘दायरा’ 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम दोनों भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

