Site icon Dainik Savera Times

अक्षय खन्ना से तृप्ति डिमरी तक, 2025 में चर्चा में रहे ये सितारे

stars spotlight in 2025

एंटरटेनमेंट डेस्क : साल 2025 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। देखते ही देखते यह साल खत्म होने जा रहा है और पीछे छोड़ रहा है ढेर सारी यादें, बहसें, सफलताएं और सरप्राइज। इस साल फिल्मी दुनिया में कई ऐसे चेहरे रहे, जिन्होंने अपने काम, पर्सनल लाइफ या अनोखी वजहों से सुर्खियां बटोरीं। बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक, कई सितारों ने 2025 को अपने नाम कर लिया।

अक्षय खन्ना
2025 की सबसे बड़ी बात करें तो अक्षय खन्ना का नाम सबसे ऊपर आता है। साल की शुरुआत में फिल्म छावा में औरंगजेब के किरदार ने दर्शकों को चौंका दिया। इसके बाद धुरंधर में उनका निगेटिव रोल भी खूब सराहा गया। उनकी दमदार एक्टिंग ने साबित कर दिया कि यह साल पूरी तरह अक्षय खन्ना का रहा।

तृप्ति डिमरी
तृप्ति डिमरी भी 2025 में लगातार चर्चा में बनी रहीं। उनकी निजी जिंदगी से लेकर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट में एंट्री तक, हर खबर सुर्खियों में रही। दीपिका पादुकोण की जगह फिल्म में चुना जाना और धड़क 2 में उनका अलग अवतार दर्शकों को खूब पसंद आया।

ऋषभ शेट्टी
कांतारा से सुपरस्टार बने ऋषभ शेट्टी ने 2025 में कांतारा: चैप्टर 1 के जरिए बॉक्स ऑफिस और क्रिटिक्स दोनों को प्रभावित किया। उनकी परफॉर्मेंस और कहानी ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लिया।

जयदीप अहलावत
जयदीप अहलावत ने इस साल अपने अलग-अलग रंग दिखाए। ज्वेल थीफ और महाराज में उनके नेगेटिव किरदारों की खूब तारीफ हुई। वहीं उनका वायरल डांस वीडियो और द ग्रेट इंडियन कपिल शो में मस्तीभरा अंदाज भी चर्चा का विषय बना।

कल्याणी प्रियदर्शन
मलयालम सिनेमा में कल्याणी प्रियदर्शन ने लोका चैप्टर 1 – चंद्रा से इतिहास रच दिया। फिल्म की जबरदस्त कमाई और महिला-केंद्रित कहानी ने उन्हें साल की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।

सैफ अली खान
सैफ अली खान फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खबरों में रहे। जनवरी में घर में हुई चोरी की घटना और हमले के बावजूद उनके साहस की हर जगह तारीफ हुई।

नए चेहरे और वेब सीरीज का जादू
यशराज फिल्म्स की सैयारा से अहान पांडे और अनीत पड्डा रातोंरात सेंसेशन बन गए। वहीं आर्यन खान की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड से लक्ष्य और राघव जुयाल ने खास पहचान बनाई।

कुल मिलाकर, 2025 सिनेमा प्रेमियों के लिए यादगार रहा, जहां पुराने सितारों ने वापसी की और नए चेहरों ने दिल जीत लिया।

Exit mobile version